चलती ट्रेन से उतरते वक्त विप्रो इंजीनियर की कटकर मौत
नई दिल्ली। बेंगलुरु में एक दर्दनाक हादसे में विप्रो के 28 साल के इंजीनियर की मौत हो गई। विक्रम विजयन चलती ट्रेन के नीचे आया जिसके कारण उसकी मौत हो गई। वह सोमवार की रात को अपने माता-पिता को छोड़ने स्टेशन पर आया था। ये हादसा कारमेलम रेलवे स्टेशन पर हुआ। विक्रम अपने माता-पिता के सामान को सीट पर रखने के लिए कोच के अंदर गया था लेकिन इस बीच यशवंतपुर-कन्नूर एक्सप्रेस स्टेशन से रवाना हो गई।

बताया जा रहा है कि इस स्टेशन पर ट्रेन केवल 2 मिनट के लिए रुकती है। जल्दबाजी में विक्रम ने ट्रेन से छलांग लगा दी लेकिन विपरीत दिशा में छलांग लगाने के कारण संतुलन बिगड़ गया और वो ट्रेन की चपेट में आ गया। पुलिस ने बताया कि उसके हाथ-पैर और सिर उसके शरीर से अलग हो गए थे। ये देखते ही पिता विजयन ने भी ट्रेन से छलांग लगा दी जिसमें उनको काफी चोट आई है।
आनन-फानन में यात्रियों ने चेन खींचकर ट्रेन को रोका और विजयन को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इसी प्रकार के हादसे में 65 साल की बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी। जबकि एक पूर्व विधायक के बेटे की मौत भी चलती ट्रेन से गिरने के कारण हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications