Bengal Election Phase 2: फाल्टा में EVM पर मचा सियासी बवाल, BJP का आरोप-कमल के बटन पर टेप लगाकर रोका
Bengal Falta EVM Dispute: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के दौरान फलता (Falta) विधानसभा क्षेत्र राजनीति का सबसे बड़ा 'फ्लैशपॉइंट' बनकर उभरा है। इस सीट पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के साथ छेड़छाड़ के गंभीर आरोपों ने टीएमसी (TMC) और भाजपा (BJP) के बीच युद्ध जैसी स्थिति पैदा कर दी है।
भाजपा उम्मीदवार देवांशु पांडा ने सनसनीखेज दावा किया है कि कई बूथों पर EVM में भाजपा के चुनाव चिह्न (कमल) के बगल वाले बटन पर टेप चिपका दिया गया था या उसे जैम कर दिया गया था, जिससे मतदाता भाजपा को वोट नहीं दे पा रहे थे।

'डायमंड हार्बर मॉडल' पर अमित मालवीय का प्रहार
भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर कुछ वीडियो साझा किए हैं, जिनमें EVM के बटन पर टेप लगा हुआ दिखाई दे रहा है। उन्होंने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी पर हमला बोलते हुए लिखा- यह वही गुंडागर्दी है जिसका ममता बनर्जी बचाव कर रही थीं जब उन्होंने फलता से टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान का पक्ष लिया था। कई मतदान केंद्रों पर भाजपा को वोट देने का विकल्प टेप लगाकर ब्लॉक कर दिया गया है। मालवीय ने आरोप लगाया कि इसी 'टेंप्लेट' के जरिए अभिषेक बनर्जी ने अपनी लोकसभा सीट सुरक्षित की थी।
विवादों के घेरे में 'अभिषेक के करीबी' जहांगीर खान
फलता विधानसभा सीट अभिषेक बनर्जी के संसदीय क्षेत्र डायमंड हार्बर का हिस्सा है। यहाँ से टीएमसी ने जहांगीर खान को मैदान में उतारा है, जिन्हें अभिषेक बनर्जी का बेहद करीबी माना जाता है। मतदान से एक दिन पहले ही स्पेशल पुलिस ऑब्जर्वर अजय पाल शर्मा ने जहांगीर खान के आवास पर जाकर उन्हें और उनके परिवार को सख्त चेतावनी दी थी कि मतदान प्रक्रिया में कोई बाधा न डाली जाए। भाजपा उम्मीदवार देवांशु पांडा का कहना है कि यह पूरी साजिश सुनियोजित थी ताकि भाजपा के पक्ष में गिरने वाले वोटों को रोका जा सके।
चुनाव आयोग का कड़ा रुख: ग़ड़बड़ी हुई तो दोबारा मतदान के संकेत
EVM बटनों पर टेप लगाए जाने की शिकायतों को पश्चिम बंगाल चुनाव आयोग ने बेहद गंभीरता से लिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) ने निर्देश दिया है कि हर एक शिकायत की गहनता से जांच की जाए और उसका दस्तावेजीकरण किया जाए। चुनाव अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी बूथ पर बटन टेप किए जाने या जैम किए जाने के सबूत मिलते हैं, तो उस विशेष बूथ पर पुनर्मतदान (Repoll) कराया जाएगा।
फाल्टा बना सियासी समीकरण और तनाव का केंद्र
फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पहले से ही तनाव व्याप्त था, लेकिन EVM विवाद ने इसे और गहरा कर दिया है। जहां भाजपा इसे लोकतंत्र की हत्या बता रही है, वहीं टीएमसी ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि भाजपा अपनी हार सुनिश्चित देखकर बहाने बना रही है। डायमंड हार्बर के इस महत्वपूर्ण सेगमेंट में हो रही यह उठापटक अब पूरे बंगाल चुनाव का केंद्र बिंदु बन गई है। अब सभी की निगाहें चुनाव आयोग की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications