राजनीतिक उठापटक के बीच देर रात बंगाल पहुंचे अमित शाह, हुआ जोरदार स्वागत
नई दिल्ली: बंगाल में अगले साल विधानसभा के चुनाव हैं, जिस वजह से वहां पर अभी से ही राजनीतिक उठापटक शुरू हो गई है। इस बीच केंद्रीय गृहमंत्री और बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह शुक्रवार देर रात कोलकाता पहुंचे, जहां आधी रात को उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एयरपोर्ट के बाहर मौजूद रहे। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान अमित शाह कई महत्वपूर्ण बैठकें और रैलियां करेंगे। इसके साथ ही उनकी सुरक्षा के लिए भी कड़े इंतजाम किए गए हैं।
Recommended Video


अमित शाह शुक्रवार रात दिल्ली से विशेष विमान के जरिए कोलकाता पहुंचे। इस दौरान कैलाश विजयवर्गीय समेत कई नेताओं ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। वहीं जैसे ही एयरपोर्ट के बाहर उनका काफिला पहुंचा, वहां पर बीजेपी कार्यकर्ताओं का हुजूम पहले से ही मौजूद था। अपने दौरे के पहले उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि मैं दो दिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुंच रहा हूं, मैं पश्चिम बंगाल में अपने प्रिय भाइयों और बहनों के साथ विभिन्न अवसरों पर बातचीत करने के लिए उत्सुक हूं। अपने बंगाल दौरे के दौरान शाह कई चुनावी बैठकों में हिस्सा लेंगे। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
आपको बता दें कि 10 दिन पहले बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी बंगाल के दौरे पर आए थे। उस दौरान डायमंड हर्बर पर उनके काफिले पर हमला हुआ। जिसमें कैलाश विजयवर्गीय समेत कई नेता घायल हुए। नड्डा पर हुए हमले को सीआरपीएफ ने गंभीरता से लिया है, क्योंकि शाह की सुरक्षा की जिम्मेदारी उसी के पास है। इस यात्रा के दो दिन पहले ही CRPF ने बंगाल पुलिस को पत्र लिखकर कड़े सुरक्षा इंतजाम करने को कहा था। साथ ही शुक्रवार को गृह मंत्रालय ने भी बंगाल प्रशासन को कई निर्देश दिए।
TMC में इस्तीफों का दौर जारी
सबसे पहले टीएमसी के दिग्गज नेता शुभेंदु अधिकारी ने मंत्री समेत कई पदों से इस्तीफा दिया। इसके बाद से टीएमसी में इस्तीफों का दौर जारी है। शुक्रवार सुबह पहले बैरकपुर से विधायक शीलभद्र दत्ता ने पार्टी छोड़ी, उसके बाद देर शाम बनाश्री मैती ने भी इस्तीफा दे दिया। गुरुवार को टीएमसी नेता जितेंद्र तिवारी ने भी बगावत की थी, लेकिन शुक्रवार को उन्होंने माफी के साथ घर वापसी कर ली। उम्मीद जताई जा रही है कि अमित शाह की मौजूदगी में टीएमसी के बागी नेता बीजेपी ज्वाइन कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications