मोदी सरकार बनने से पहले नीतीश बाबू ने बढ़ाई 'सिरदर्दी', अग्निवीर योजना-जाति जनगणना पर JDU ने बनाया दबाव
JDU on Agniveer Scheme: लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद तीसरी बार मोदी सरकार बनने जा रही है। इस बार सरकार गठन में एनडीए के सहयोगी दल टीडीपी और जेडीयू की अहम भूमिका रहेगी। हालांकि सरकार के गठन से पहले ही सहयोगी दल भाजपा पर दबाव बनाने लग गए हैं। ऐसे में टीडीपी के बाद अब नीतीश कुमार की पार्टी JDU ने भी BJP को नई टेंशन दे दी।
नरेंद्र मोदी 9 जून को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इससे पहले एनडीए ने अपने सांसदों की बैठक बुलाई है, जिसमें सभी सांसद नरेंद्र मोदी को अपना नेता चुनेंगे, लेकिन इससे पहले जेडीयू ने अग्निवीर योजना को लेकर फिर से सोचने की जरूरत बताई है।

अग्निवीर योजना पर क्या बोला जेडीयू?
दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए जेडीयू प्रवक्ता केसी त्यागी ने कहा कि अग्निवीर योजना को लेकर मतदाताओं का एक वर्ग नाराज है। हमारी पार्टी चाहती है कि जिन कमियों पर जनता ने सवाल उठाए हैं उन पर विस्तार से चर्चा हो और उन्हें दूर किया जाए।
यूनिफॉर्म सिविल कोड पर भी बयान
वहीं यूसीसी पर जेडीयू प्रवक्ता ने आगे कहा कि यूसीसी पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर सीएम ने विधि आयोग प्रमुख को पत्र लिख चुके हैं। हम इसके खिलाफ नहीं हैं, लेकिन सभी हितधारकों से बात करके इसका समाधान निकाला जाना चाहिए।"
जाति आधारित जनगणना पर भी बनाया दबाव
इसके अलावा जाति आधारित जनगणना पर जेडीयू प्रवक्ता केसी त्यागी ने कहा कि, "देश में किसी भी पार्टी ने जाति आधारित जनगणना को नकारा नहीं है। बिहार ने रास्ता दिखाया है। प्रधानमंत्री ने भी सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में इसका विरोध नहीं किया। जाति आधारित जनगणना समय की मांग है। हम इसे आगे बढ़ाएंगे।"
विशेष राज्य की मांग पर क्या बोली जेडीयू
वहीं वन नेशन, वन इलेक्शन का समर्थन करते हुए केसी त्यागी ने कहा कि जहां तक एक देश एक चुनाव की बात है हम उसके समर्थन में हैं। साथ विशेष राज्य को लेकर जेडीयू ने कहा कि हम लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि अगर बिहार से पलायन रोकना है तो उसे विशेष राज्य का दर्जा देना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि कोई पहले की शर्त नहीं है। बिना शर्त समर्थन है। लेकिन बिहार को विशेष दर्जा दिया जाना हमारे दिल में है।












Click it and Unblock the Notifications