बेंगलुरु में टैक्स रेवन्यू बढ़ाने के लिए BBMP का मास्टर प्लान तैयार, सभी प्रॉपर्टी रिकॉर्ड जल्द होंगे डिजिटल
बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) पुराने रिकॉर्ड सहित सभी प्रकार की संपत्तियों के दस्तावेजों को डिजिटल बनाने की ओर अग्रसर है। इसको लेकर बीबीएमपी ने घर-घर जाने का फैसला किया है। शहर के कई निवासियों को मिले संदेश में जरूरी दस्तावेजों के साथ सर्वे के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
बीबीएमपी ने शहर में जारी संदेश में कहा है कि डिजिटल संपत्ति रिकॉर्ड बनाने के तहत बीबीएमपी कर्मचारी कुछ दिनों में आपसे मिलेंगे। कृपया अपनी संपत्ति टैक्स रसीद और बेस्कॉम बिल की प्रति उन्हें सौंपने के लिए तैयार रखें। यह आपकी संपत्ति को सही ढंग से डिजिटाइज करने के लिए बहुत आवश्यक है।

बीबीएमपी सूत्रों के अनुसार, यह कदम टैक्स दायरे से बाहर संपत्तियों की पहचान करने, भवन निर्माण उल्लंघनों की पहचान करने, उन्हें नियमित करने और संपत्ति दस्तावेजों की जालसाजी को कम करने के लिए नागरिक निकाय की पहल का हिस्सा है। डिजिटलीकरण कार्यक्रम नन्ना स्वत्तु कार्यक्रम का हिस्सा है, जो बीबीएमपी के 'ई-आस्थि' प्लेटफॉर्म का एक संशोधित संस्करण है। नन्ना स्वत्तु पहल की घोषणा एक महीने पहले उपमुख्यमंत्री और बेंगलुरु विकास मंत्री डीके शिवकुमार ने 'ब्रांड बेंगलुरु' कॉन्क्लेव के दौरान की थी।
'बढ़ाएंगे संपत्ति कर राजस्व'
बीबीएमपी के राजस्व और टैक्स इंस्पेक्शन से अगले कुछ हफ्तों में सीवी रमन नगर, होरामवु, अरकेरे और कोडिगेनहल्ली में घरों का दौरा करने और संपत्तियों के बारे में सभी जानकारी हासिल करने की उम्मीद है। सूत्रों ने कहा कि इसके साथ, हम शहर की सीमा में सभी संपत्तियों की पहचान करने में सक्षम होंगे और इस तरह संपत्ति कर राजस्व बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि शहर में लगभग 25-30 प्रतिशत संपत्तियां कर के दायरे में नहीं थीं।
कर्नाटक हाई कोर्ट ने दिया था बीबीएमपी को निर्देश
आपको बता दें कि अक्टूबर माह में कर्नाटक हाई कोर्ट ने बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) को बेंगलुरु में सभी संपत्ति रिकॉर्ड को डिजिटल करने और संपत्ति से संबंधित शिकायतों पर कार्रवाई करने के लिए अधिकार प्राप्त अधिकारियों तक पहुंच प्रदान करने के निर्देश दिए थे। जिसके तहत बीबीएमपी के मुख्य आयुक्त को पुराने रिकॉर्ड सहित सभी प्रकार की संपत्तियों के दस्तावेजों को डिजिटल बनाने का निर्देश दिया।












Click it and Unblock the Notifications