INS मकर को समुद्र के तल में मिला लापता बार्ज P305, क्रू मेंबर्स की तलाश जारी
नई दिल्ली, मई 23: तौकते तूफान के दौरान मुंबई में अरब सागर में लापता हुए बार्ज P305 को आईएनएस मकर ने खोज निकाला है। आईएनएस मकर ने एडवांस्ड साइड स्कैन सोनार के जरिये समुद्र के तलछट में उसकी लोकेशन ट्रेस की। बार्ज P305 को खोजन के लिए नेवी ने एडवांस्ड साइड स्कैन सोनार तकनीक का इस्तेमाल किया था। बार्ज P305 बाकी लापता क्रू और टग बोट वरप्रदा की तलाश अब भी जारी है।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक बार्ज की खोज में लगे आईएनएस मकर को लोकेशन का पता चला है। फिलहाल नौसेना के क्रू मेंबर्स अभी पी305 की खोज करने में जुटे हुए हैं। बार्ज P305 से अब तक 188 लोगों को जीवित बचा लिया गया है। अब तक 66 शवों को बरामद किए हैं। यह जहाज छह दिन पहले चक्रवात तौकते की चपेट में आकर डूब गया था। फिलहाल कैप्टन की लापरवाही की बात सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक बाकी बचे हुए क्रू और टग बोट तुग वरप्रदा की तलाश जारी है। मुंबई पुलिस पीआरओ एस चैतन्य ने बताया कि चक्रवात तौकते पीड़ितों के 61 शव मुंबई पुलिस को सौंपे गए हैं। 61 शवों में से 31 की पहचान कर ली गई है और 30 की पहचान की जानी बाकी है। मुंबई पुलिस ने कहा कि हमने भविष्य की पहचान के लिए अज्ञात शवों के डीएनए नमूने लिए हैं।
इस जहाज में सवार कई क्रू मेंबर्स अब भी लापता हैं। चक्रवाती तूफान तौकते के कारण डूबे बार्ज P305 पर सवार 261 लोग सवार थे। चक्रवात की चेतावनी को नजरअंदाज करने के आरोप में बार्ज P305 के कैप्टन राकेश बल्लव के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मुंबई पुलिस ने राकेश बल्लव पर गैर इरादतन हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया है। बार्ज P305 के चीफ इंजीनियर ने खुलासा किया था कि तूफान की चेतावनी मिलने के बाद भी कैप्टन ने वहीं रुकने का फैसला किया था।












Click it and Unblock the Notifications