कावेरी जल विवाद: सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ कर्नाटक में विरोध-प्रदर्शन
बेंगलुरु। कावेरी जल विवाद पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश से नाराज कर्नाटक के लोगों और कावेरी होराता समिति ने बंद का ऐलान किया है। बंद का ऐलान मुख्य रूप से मांड्या में किया गया है। राज्य सरकार ने किसी भी तरह की अराजकता से निपटने के लिए 2400 पुलिसकर्मियों को तैनात किया है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई है। सोमवार को कोर्ट ने कर्नाटक को तमिलनाडु के लिए दस दिन के अंदर करीब 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़ने का आदेश दिया था।
चार दिन तक आम लोगों के लिए बंद रहेगा डैम
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ कर्नाटक के लोग सड़क पर उतर आए हैं। लोगों ने कावेरी का पानी तमिलनाडु को देने के फैसले का विरोध किया है। प्रशासन ने एहतियातन मांड्या स्थित कृष्णराजा सागर डैम और वृंदावन गार्डन को चार दिनों तक आम जनता लिए बंद करने का फैसला लिया है।
मांड्या में स्कूल-कॉलेज बंद हैं और यातायात भी प्रभावित है। बता दें कि कर्नाटक ने कम बारिश का हवाला देकर पानी देने से इनकार किया था। जबकि तमिलनाडु ने फसलों को नुकसान होने की बात कहकर पानी मांगा था।
कानून मंत्री ने की लोगों से अपील
कर्नाटक के कानून मंत्री टीबी जयचंद्र ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा, 'मैं लोगों से अपील करता हूं कि कानून हाथ में ना लें, शांति बनाए रखें। धैर्य से काम लें।'












Click it and Unblock the Notifications