मध्य प्रदेश: मॉर्निंग वॉक पर गए बीजेपी नेता की सिर कुचलकर हत्या
भोपाल। मध्य प्रदेश की वरला तहसील में रविवार तड़के कुछ अज्ञात लोगों ने बीजेपी नेता की सिर कुचलकर हत्या कर दी। बलवाड़ी बीजेपी नेता मनोज ठाकरे वर्ला पुलिस स्टेशन की सीमा में एक खेत में मृत अवस्था में पाए गए। वह आज सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। उनका सिर पत्थर से कुचला हुआ मिला है। शव के पास खून से सना पत्थर भी मिला है। बीजेपी नेता हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज ठाकरे रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर गए थे। तभी उनकी हत्या कर दी गई है। अज्ञात आरोपियों ने पत्थर से कुचलकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी है। बीजेपी के नेता का शव राधा स्वामी भवन के पास सड़क से थोड़ी दूर पड़ा मिला है। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची है। बलवाड़ी में ठाकरे समर्थकों में आक्रोष दिखाई दे रहा है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बीजेपी नेता की हत्या पर कांग्रेस सरकार की आलोचना करते पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, कांग्रेस बदलाव की बात करती थी लेकिन यह कैसा बदलाव है? यहां हत्याएं शुरू हो गई हैं, पहले इंदौर में एक हुआ, फिर मंदसौर में जहां एक बीजेपी नेता की हत्या कर दी गई और अब बड़वानी में एक अन्य बीजेपी नेता की हत्या कर दी गई। मध्य प्रदेश में अपराधी भयमुक्त हैं और कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है।
कमलनाथ सरकार मामले को हल्के में ले रही है। इसके पीछे बड़ी साजिश लगती है (मंदसौर में बीजेपी नेता की हत्या)। मैं सीबीआई जांच की मांग करता हूं। अब बड़वानी में बीजेपी नेता की भी हत्या कर दी गई, मैंने सरकार को चेतावनी दी है कि वे ऐसी घटनाओं को रोकें अन्यथा बीजेपी सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेगी।
इससे पहले मंदसौर में गुरुवार को बीजेपी नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मारे गए बीजेपी नेता मंदसौर नगर पालिका के अध्यक्ष प्रहलाद बंधवार थे। प्रहलाद बंधवार को अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने सिर में गोली मारी थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications