बालासोर रेल हादसे पर विपक्ष आपका इस्तीफा मांग रहा है...? सवाल के जवाब में क्या बोले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव
Balasore Train Accident: ओडिशा बालासोर रेल हादसे में तीन ट्रेनें शालीमार-चेन्नई कोरोमंडल एक्सप्रेस (12841), बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12864) और एक मालगाड़ी टकराई थी।

Railways Minister Ashwini Vaishnaw on Balasore Train Accident: ओडिशा बालासोर रेल हादसे में अब तक 238 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं लगभग 900 लोग घायल हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शनिवार (03 जून) को बालासोर में दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान उनके बालासोर ट्रेन एक्सीडेंट की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की विपक्ष की मांग पर सवाल किए गए। असल में बालासोर रेल हादसे के बाद से सोशल मीडिया पर कई विपक्षी नेताओं ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के इस्तीफे की मांग की है।
बालासोर में दुर्घटनास्थल पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से एक पत्रकार ने पूछा कि विपक्ष आपका इस्तीफा मांग रहा है...? जवाब में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, ''मैं यही कहूंगा कि सबसे पहला फोकस रखें रेस्क्यू पर, और रिलीज पर। अभी आप जांच होने दीजिए। जांच के बाद ही कुछ भी कहा जाएगा। अभी सारा का सारा फोकस सिर्फ घायलों के इलाज और रेस्क्यू ऑपरेशन पर होना चाहिए। मैं बार-बार इस बात को कह रहा हूं कि सारा का सारा फोकस सिर्फ और सिर्फ इलाज और रेस्क्यू पर दिया जाना चाहिए।''
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आगे कहा, "मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन हमारी प्राथमिकता है, घटना पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।" अश्विनी वैष्णव ने यह भी कहा कि दुर्घटना के कारणों पर अभी टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी। हालांकि, उन्होंने कहा कि दुर्घटना की विस्तृत जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का भी गठन किया गया है। वैष्णव ने कहा, "एक विस्तृत उच्च स्तरीय जांच की जाएगी और रेल सुरक्षा आयुक्त भी एक स्वतंत्र जांच करेंगे।"
#WATCH | Our focus is on rescue and relief operations. Restoration will begin after clearance from district administration. A detailed high-level inquiry will be conducted and the rail safety commissioner will also do an independent inquiry: Railways Minister Ashwini Vaishnaw… pic.twitter.com/yfCecv0FxB
— ANI (@ANI) June 3, 2023
बता दें कि कई विपक्षी नेताओं ने सोशल मीडिया पर 1956 में महबूबनगर में हुए रेल हादसे का जिक्र करते हुए अश्विनी वैष्णव से इस्तीफा मांगा है। 1956 में महबूबनगर रेल हादसे में 112 लोगों की मौत हुई थी, उस दौरान रेल मंत्री लाल बहादुर शास्त्री थे और उन्होंने हादसे के बाद इस्तीफा दिया था।
रेल मंत्री ने स्थिति का जायजा लेते हुए घटना को 'दुखद' करार दिया और कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), राज्य सरकार और भारतीय सेना मौके पर बचाव अभियान में शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications