असम के मंत्री हिमांत बिश्व शर्मा बोले- राहुल गांधी पर किए उनके ट्वीट को तेजी से किया जा रहा रीट्वीट, अकाउंट से बोट्स के जुड़े होने का शक
नई दिल्ली। असम के मंत्री और बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रेसिडेंट हिमांत विश्व शर्मा ने अपने एक ट्वीट को लेकर ट्विटर से शिकायत की है। उन्होंने कहा है कि पिछले 3-4 दिनों से राहुल गांधी को लेकर किए गए उनके एक ट्वीट को काफी तेजी से रीट्वीट किया जा रहा है। हिमांत ने कहा कि उन्हें इसके पीछे बोट्स होने का शक है। वह बोले कि इस बारे में ट्विटर इंडिया से शिकायत भी की जा चुकी है। उन्होंने ट्विटर इंडिया को एक शिकायत पत्र लिखते हुए कहा है कि उन्हें शक है कि उनके ट्विटर हैंडल के साथ कोई सॉफ्टवेयर काम कर रहा है और अनुरोध किया है कि ट्विटर इस तरह से सॉफ्टवेयर या बोट्स को ब्लॉक करे।

भाजपा भी राहुल गांधी पर बोल चुकी है हमला
ट्विटर से बोट्स द्वारा रीट्वीट होने के शक को लेकर भाजपा राहुल गांधी के ट्विटर हैंडल पर भी सवाल उठा चुकी है। भाजपा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट का हवाला दिया था। इसके बाद राहुल गांधी ने भी तंज भरे अंदाज में अपने पालतू कुत्ते पिडी का एक वीडियो शेयर किया था। इसके बाद भाजपा और राहुल गांधी में पोस्टर वॉर भी शुरू हो गया था।
क्या थी एएनआई की रिपोर्ट
एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक राहुल गांधी के ट्वीट को बोट्स द्वारा रीट्वीट किया जा रहा है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उनके ट्वीट को विदेशों के फर्जी अकाउंट्स से रीट्वीट किया जा रहा है। आपको बता दें कि बोट्स एक तरह के सॉफ्टवेयर हैं, जो उस काम को करते हैं, जो काम उन्हें दिया जाता है। इन बोट्स से रीट्वीट करने के लिए किसी इंसान की जरूरत नहीं होती है, यह काम सॉफ्टवेयर के जरिए ऑटोमैटिक तरीके से होता है।












Click it and Unblock the Notifications