बड़ी टूट की ओर कांग्रेस, गुजरात के बाद अब यहां के MLA छोड़ सकते हैं पार्टी!
गुजरात में कांग्रेस पहले ही संकट के दौर से गुजर रही है। हाल में उसके कई विधायकों ने इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थामा है।
नई दिल्ली। गुजरात में अपने विधायकों के टूटने से परेशान कांग्रेस पार्टी के लिए एक और राज्य से बुरी खबर आने के संकेत मिल रहे हैं। सूत्रों के हवाले से खबर है कि बिहार में कांग्रेस के कई विधायक जेडीयू-भाजपा गठबंधन के नेताओं के संपर्क में हैं। बिहार में फिलहाल कांग्रेस के 27 विधायक हैं, जिनमें से करीब 9 एमएलए टूटने के लिए तैयार हैं। अगर ऐसा होता है तो कांग्रेस के लिए गुजरात के बाद बिहार में बड़ी मुश्किल खड़ी हो जाएगी।

गुजरात के बाद बिहार में मुश्किल
आपको बता दें कि 2015 के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन में शामिल कांग्रेस को 41 सीटें चुनाव लड़ने के लिए मिली थीं, जिनमें से 27 पर पार्टी ने जीत दर्ज की थी। इकोनॉमिक्स टाइम्स की खबर के मुताबिक 9 विधायकों ने बिहार में नए गठबंधन की सरकार के नेताओं से संपर्क साधा है। भाजपा के एक बड़े नेता ने बताया कि 9 में से दो कांग्रेस विधायकों ने बिहार भाजपा के बड़े नेताओं से बात की है, जबकि बाकी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से संपर्क में हैं।
Recommended Video


27 में से 9 विधायक टूटने को तैयार
सियासी जानकारों का कहना है कि 2015 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, आरजेडी और जेडीयू के साथ मिलकर लड़ी थी, इसलिए 27 सीटें पाने के बावजूद बिहार में पार्टी की सही स्थिति का अंदाजा नहीं हो पाया था। दो बड़े दलों के साथ गठबंधन होने के कारण कांग्रेस को इतनी सीटें मिल गईं, जबकि 2010 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को महज 4 सीटें ही मिलीं थी।

कांग्रेस विधायकों को भविष्य की चिंता
भाजपा नेता के मुताबिक, 'कांग्रेस का जनाधार लगातार घट रहा है। पूरे देश में जनता कांग्रेस को नकार रही है। ऐसे में कांग्रेस के विधायक अपने भविष्य को लेकर असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। हाल के चुनावों में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है।' गौरतलब है कि हाल ही में बिहार में नीतीश कुमार ने महागठबंधन तोड़कर भाजपा से गठबंधन कर सरकार बनाई है।

राज्यसभा के लिए मुश्किल होती राहें
गुजरात में कांग्रेस पहले ही संकट के दौर से गुजर रही है। हाल में उसके कई विधायकों ने इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थामा है। अपने बचे हुए विधायकों को टूटने से रोकने के लिए कांग्रेस ने उन्हें बेंगलुरू में ठहराया हुआ है। कांग्रेस विधायकों के भाजपा में जाने से पार्टी के लिए राज्यसभा चुनाव में भी मुश्किलें खड़ी होती नजर आ रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications