Baba Siddique Murder: कौन है जीशान अख्तर? बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता कनाडा में 'गिरफ्तार'
Baba Siddique Murder Case Update : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता और महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में 6 जून को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी मास्टरमाइंड जीशान अख्तर (Zeeshan Akhtar) को कनाडा की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जीशान ने बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी।
दावा किया था कि सिद्दीकी की बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से करीबी संबंधों के कारण यह हत्या की गई। आपको बता दें कि 12 अक्टूबर 2024 को मुंबई के बांद्रा इलाके में बाबा सिद्दीकी की सरेआम हत्या की गई थी। आइए विस्तार से जानें जीशान की क्राइम कुंडली और वो करता क्या है?

पाकिस्तानी के इस डॉन ने भागने में की थी मदद
जीशान अख्तर, जो पंजाब के जालंधर जिले के शंकर गांव का निवासी है, पहले से ही हत्या, डकैती और जबरन वसूली जैसे 11 मामलों में वांछित था। वह जेल में लॉरेंस बिश्नोई गैंग (Lawrence Bishnoi Gang) के सदस्यों से मिला और उनके साथ मिलकर बाबा सिद्दीकी की हत्या की योजना बनाई। हत्या के बाद, जीशान ने एक वीडियो जारी कर दावा किया था कि पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने उसे भारत से बाहर निकलने में मदद की और वह अब एशिया से बहुत दूर है।
दिव्य भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, जीशान अख्तर को कनाडा की सरे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी न केवल बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में एक महत्वपूर्ण मोड़ है, बल्कि यह अंतरराष्ट्रीय अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की दिशा में एक बड़ा कदम भी है।
बचपन से अपराध की ओर बढ़ता सफर
2003 में पंजाब के जालंधर के शंकर गांव में जन्मे जीशान अख्तर उर्फ 'जुल्मी' का बचपन आम बच्चों जैसा नहीं था। उसके पिता संगमरमर फिटिंग का काम करते थे, लेकिन जीशान ने पढ़ाई से ज्यादा दिलचस्पी अपराध की दुनिया में दिखाई। कक्षा 6 तक की पढ़ाई के बाद उसने मदरसों में पढ़ाई की, लेकिन जल्द ही वह अपराध की ओर मुड़ गया।
2021 में जबरन वसूली के एक मामले में उसका नाम सामने आया। इसके बाद हत्या, डकैती और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर आरोपों में उसके खिलाफ कुल 9 केस दर्ज हुए। 2022 में उसे गिरफ्तार कर पटियाला जेल भेजा गया, जहां उसकी मुलाकात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी विक्रम बराड़ से हुई। यहीं से जीशान का गैंगस्टर बनने का सफर शुरू हुआ।
बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश
12 अक्टूबर 2024 की रात मुंबई के बांद्रा इलाके में एनसीपी नेता और पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जब बाबा सिद्दीकी अपने बेटे जीशान सिद्दीकी के ऑफिस से बाहर निकल रहे थे, तभी हमलावरों ने उन पर 6 गोलियां चलाईं। उन्हें तुरंत लीलावती अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रात 11:27 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
इस हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली। गैंग का दावा था कि बाबा सिद्दीकी के बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से करीबी संबंध थे, और इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया गया। सलमान खान और लॉरेंस गैंग के बीच पुरानी दुश्मनी है, जो 1998 के काले हिरण शिकार मामले से जुड़ी है।
हत्या के बाद की घटनाएं और गिरफ्तारी
हत्या के तुरंत बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। लेकिन मास्टरमाइंड जीशान अख्तर फरार हो गया। उसने पाकिस्तान स्थित डॉन शहजाद भट्टी की मदद से भारत से भागने का दावा किया। 2025 की शुरुआत में एक वीडियो में जीशान ने कहा कि वह एशिया से बहुत दूर है और शहजाद भट्टी ने उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है।
इसके बाद जीशान ने पंजाब में भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर ग्रेनेड हमले की साजिश रची, जिसे पुलिस ने नाकाम कर दिया। अंततः कनाडा की सरे पुलिस ने जीशान को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि गिरफ्तारी किस मामले में हुई है।
Baba Siddique Murder Case Timeline: बाबा सिद्दीकी हत्याकांड टाइमलाइन
- 12 अक्टूबर 2024: रात लगभग 9:15 बजे, मुंबई के बांद्रा में एनसीपी नेता और पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी को उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर गोली मार दी गई। तीन हमलावरों ने पेपर स्प्रे का उपयोग करके सुरक्षा गार्ड को निष्क्रिय किया और फिर सिद्दीकी पर गोलियां चलाईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई।
- 13 अक्टूबर 2024: मुंबई पुलिस ने तीन आरोपियों-धर्मराज कश्यप, गुरमेल सिंह और प्रवीण लोनकर-को गिरफ्तार किया। मुख्य शूटर शिवकुमार गौतम उर्फ शिवा और अन्य दो आरोपी फरार हैं।
- 14 अक्टूबर 2024: पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की संलिप्तता की पुष्टि की, जिसने हत्या की जिम्मेदारी ली। जांच में पता चला कि आरोपी शूटरों ने ₹50 लाख की सुपारी मांगी थी।
- 20 अक्टूबर 2024: मुंबई पुलिस ने नवी मुंबई के बेलापुर से भागवत सिंह को गिरफ्तार किया, जिसने हमलावरों को हथियार मुहैया कराए थे। गिरफ्तारियों की कुल संख्या 10 हो गई।
- 24 अक्टूबर 2024: पुणे से तीन और हरियाणा से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिससे कुल गिरफ्तारियों की संख्या 14 हो गई। मुख्य शूटर शिवकुमार गौतम और दो अन्य साजिशकर्ता अभी भी फरार हैं।
- 23 अक्टूबर 2024: पुलिस ने खुलासा किया कि तीन संदिग्ध शूटर वारदात से पहले स्नैपचैट के जरिए अनमोल बिश्नोई के संपर्क में थे, जो लॉरेंस बिश्नोई का भाई है।
अब तक गिरफ्तार आरोपी
- धर्मराज कश्यप: हमले में शामिल शूटर।
- गुरमेल सिंह: हमले में शामिल शूटर।
- प्रवीण लोनकर: शिबू लोनकर का भाई, हमलावरों को हायर करने में मदद की।
- भागवत सिंह: हमलावरों को हथियार मुहैया कराए।
- अमित हिसामसिंह कुमार: हरियाणा से गिरफ्तार, साजिश में शामिल।
- रूपेश राजेंद्र मोहोल: पुणे से गिरफ्तार।
- करण राहुल साल्वे: पुणे से गिरफ्तार।
- शिवम अरविंद कोहाड़: पुणे से गिरफ्तार।
- नितिन गौतम सप्रे (32): गिरफ्तार।
- संभाजी किसन पारधी (44): गिरफ्तार।
- प्रदीप दत्तू थोम्ब्रे (37): गिरफ्तार।
- चेतन दिलीप पारधी: गिरफ्तार।
- राम फूलचंद कनौजिया (43): गिरफ्तार।
- शिबू लोनकर: फेसबुक पोस्ट के जरिए हत्या की जिम्मेदारी ली, 10 नवंबर को गिरफ्तार।
Baba Siddique Family Tree: बाबा सिद्दीकी का फैमिली ट्री
- जन्म- 1956, पटना, बिहार
- शिक्षा- बीकॉम, एमएमके कॉलेज, मुंबई
- पत्नी - शहजीम सिद्दीकी
- बच्चे - डॉ. अर्शिया सिद्दीकी और जीशान सिद्दीकी
Baba Siddique Political Profile: बाबा सिद्दीकी का राजनीतिक करियर?
| क्रमांक | साल | पद/भूमिका |
|---|---|---|
| 1 | 1977 | कांग्रेस पार्टी से जुड़ाव |
| 2 | 1980 | बांद्रा युवा कांग्रेस के बांद्रा तालुका के महासचिव |
| 3 | 1981-82 | रेस्टोरेंट तालुका के अध्यक्ष |
| 4 | 1988 | मुंबई युवा कांग्रेस के अध्यक्ष |
| 5 | 1992 | मुंबई नगर निगम के पार्षद |
| 6 | 1999 | बांद्रा वेस्ट से पहली बार विधायक चुने गए |
| 7 | 2000 | महाराष्ट्र हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन |
| 8 | 2004 | बांद्रा वेस्ट से दूसरी बार विधायक चुने गए |
| 9 | 2004-2008 | महाराष्ट्र सरकार में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री |
| 10 | 2009 | बांद्रा वेस्ट से तीसरी बार विधायक चुने गए |
| 11 | 2014 | मुंबई रीजनल कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष |
| 12 | 2019 | महाराष्ट्र कांग्रेस कमेटी के पार्लियामेंट्री बोर्ड के सदस्य |
| 13 | 12 फरवरी 2024 | राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) में शामिल हुए |
(इनपुट- मीडिया रिपोर्ट्स)












Click it and Unblock the Notifications