सोशल एक्टिविस्ट बाबा आमटे की पोती शीतल आमटे ने की आत्महत्या, बॉडी के पास मिले जहरीले इंजेक्शन
नई दिल्ली। सोशल एक्टिविस्ट बाबा आमटे की पोती डॉक्टर शीतल आमटे ने सोमवार को आत्महत्या कर ली। शीतल का महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में अपने निवास पर पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि उन्होंने आत्महत्या के लिए जहर के इंजेक्शन का इस्तेमाल किया है। शीतल महारोगी सेवा समिति की सीईओ थीं।

डॉक्टर शीतल आमटे को वर्ष 2016 में विश्व आर्थिक मंच द्वारा 'यंग ग्लोबल लीडर 2016' के रूप में चुना गया था। डॉ. शीतल ने आत्महत्या क्यों की, फिलहाल इसके असल कारणों का पता नहीं चल सका है। हालांकि, चर्चा है कि पारिवारिक कलह की वजह से शीतल ने अपनी जान दी है। पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
शीतल के पास मिले जहरीले इंजेक्शन
पुलिस के मुताबिक, डॉ. शीतल अपने घर में अचेत हालत में मिलीं। उन्हें वरोरा के उपजिला अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, शीतल के पास से जहरीले इंजेक्शन बरामद हुए हैं। बता दें, हाल ही में शीतल ने आनंदवन के अंदर आर्थिक घोटालों को लेकर फेसबुक पर एक लाइव किया था। इसके बाद विवाद हो गया था और डॉक्टर शीतल को फेसबुक से ये वीडियो डिलीट करना पड़ा था। आमटे परिवार ने शीतल के इस वीडियो का सार्वजनिक रूप से विरोध करते हुए उन्हें गलतफहमी का शिकार बताया था।
बाबा आमटे की पोती थीं शीतल आमटे
शीतल आमटे डॉ. मुरलीधर देवीदास आमटे की पोटी थीं। डॉ. मुरलीधर देवीदास आमटे को बाबा आमटे के नाम से जाना जाता था। बाबा आमटे समाजसेवी थे। उन्होंने परित्यक्त लोगों और कुष्ठ रोगियों के लिए कई आश्रम बनाए और समुदायों की स्थापना की। इसके अलावा वन्य जीवन संरक्षण और नर्मदा बचाओ आंदोलन जैसे अनेक सामाजिक कार्यों में योगदान दिया। 94 साल की उम्र में 9 फरवरी 2008 को बाबा आमटे का निधन हो गया था।












Click it and Unblock the Notifications