Ram Mandir: दो दिन के भीतर राम मंदिर में आया इतने करोड़ का चढ़ावा, रकम सुनकर नहीं होगा यकीन
Ayodhya Ram Mandir donation: अयोध्या के राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का आज तीसरा दिन है और रामलला के दर्शनों के लिए पहुंचे रहे भक्तों की भीड़ को संभालना मुश्किल हो रहा है।
श्री राम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहले दिन मंगलवार को करीब 5 लाख और दूसरे दिन बुधवार को 2.5 लाख भक्तों ने रामलला के दर्शन किए।

वहीं, इस दौरान ये जानकारी भी सामने आई है कि इन दो दिनों में राम मंदिर में कितना चढ़ावा आया है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के ट्रस्टी अनिल मिश्र ने बताया कि रामलला के दरबार में पिछले दो दिनों के भीतर 3.17 करोड़ की रकम चढ़ावे के रूप में आई है। इसमें ऑनलाइन माध्यम से दिया गया दान भी शामिल है।
दान के लिए खोले गए थे 10 काउंटर
पीटीआई को दी गई जानकारी में अनिल मिश्र ने बताया, 'प्राण प्रतिष्ठा के बाद राम मंदिर परिसर में दान प्राप्त करने के लिए 10 काउंटर खोले गए थे। दो दिन के अंदर इन काउंटरों पर और ऑनलाइन माध्यम से 3.17 करोड़ रुपए दान के रूप में मिले हैं। मंदिर में बुधवार रात तक करीब 7.5 लाख श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर चुके हैं। राम भक्तों की भीड़ लगातार बढ़ रही है और सभी को आसानी से दर्शन हो सकें, इसके लिए प्रशासन के साथ मिलकर व्यवस्था की जा रही है।'

संघ कार्यकर्ताओं को दिए गए निर्देश
वहीं, रामलला के दर्शनों के लिए अयोध्या पहुंच रही भक्तों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। ऐसे में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने अयोध्या में संघ कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि वो मंदिर के आसपास सफाई की व्यवस्था संभालें। साथ ही भक्तों की भीड़ को संभालने में भी प्रशासन का सहयोग करें।
अस्थाई तौर पर सील की गई अयोध्या की सीमा
इसके अलावा राम भक्तों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अयोध्या जिला प्रशासन ने फिलहाल शहर की सीमाओं को सील कर दिया है। साथ ही मंदिर परिसर के बाहर आरएएफ और सीआरपीएफ जवानों की संख्या भी बढ़ा दी गई है, ताकि भक्तों को किसी तरह की कोई परेशानी ना हो। आसपास के जिलों बस्ती, गोंडा, अंबेडकर नगर, बाराबांकी, सुल्तानपुर और अमेठी से आने वाले ट्रैफिक को कंट्रोल करने के लिए अयोध्या प्रशासन ने जिले की सीमा से 15 किलोमीटर पहले नाकेबंदी कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications