Ram Mandir: राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान का आज 5वां दिन, जानिए कौन-कौन सी होगी पूजा?
Ram Mandir News: राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। 22 जनवरी को होने वाले रामलला के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूजा और अनुष्ठान 16 जनवरी से ही शुरू कर दिए गए हैं। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान का आज शनिवार 20 जनवरी को पांचवां दिन है।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि शनिवार को नित्य पूजन, हवन, पारायण आदि कार्य होंगे। उन्होंने कहा कि, सुबह शर्कराधिवास, फलाधिवास, प्रासाद का 81 कलशों में स्थित विविध औषधियुक्त जल से स्नपन, प्रासाद का अधिवासन, पिण्डिका अधिवासन, पुष्पाधिवास, सायंकालिकपूजन और आरती होगी।
19 जनवरी को क्या हुआ था?
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने कहा है कि, शुक्रवार को श्री राम जन्मभूमि स्थित श्री राम प्रतिष्ठा कार्य के तहत अरणि से प्रकट अग्नि की नवकुण्डों में स्थापना हुई। हवन का कार्य भव्यता से हुआ। जिसके बाद वेदपारायण, रामायणपारायण सुश्राव्य हुआ। उसमें सपरिवार रामजी की स्थापना और पूजा हुई। सायं पूजन के साथ दिव्य आरती हुई।
देशभर से आ रहे हैं अयोध्या में रामलला के लिए उपहार
अयोध्या में प्रतिष्ठा समारोह की तैयारी के बीच देश भर से लोगों का सैलाब उमड़ रहा है। 22 जनवरी के कार्यक्रम के लिए देशभर से लोग उपहार भेज रहे हैं। उपहारों की सूची में कन्नौज से विशेष इत्र, अमरावती से 500 किलोग्राम 'कुमकुम' की पत्तियां, दिल्ली के राम मंदिर में एकत्र किया गया अनाज, भोपाल से फूल और मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से 4.31 करोड़ बार 'भगवान राम' लिखे कागज शामिल हैं।
राम मंदिर प्रबंधन समिति को अन्य जगहों से प्रसाद भी मिला है। जैसे 108 फुट की अगरबत्ती, 2,100 किलोग्राम की घंटी, 1,100 किलोग्राम वजन का एक विशाल दीपक, सोने के जूते, 10 फुट ऊंचा ताला और चाबी के साथ एक घड़ी भी दी गई है, जो जो एक साथ आठ देशों का समय बताती है।












Click it and Unblock the Notifications