'धर्माचार्य नहीं, महिलाओं की तस्करी करते हैं धीरेंद्र शास्त्री,' प्रोफेसर की विवादित टिप्पणी पर मचा बवाल
लखनऊ यूनिवर्सिटी (University of Lucknow) के हिंदी विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रविकांत चंदन अपने एक विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर उनकी एक पोस्ट ने हलचल मचा दी है। इस पोस्ट में उन्होंने बागेश्वर धाम के मशहूर कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Dhirendra Krishna Shastri) पर महिला तस्करी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
डॉ. रविकांत ने गुरुवार को अपने ऑफिशियल 'एक्स' अकाउंट पर लिखा, 'नॉन-बायोलॉजिकल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित छोटा भाई धीरेन्द्र शास्त्री धर्म की आड़ में महिला तस्करी कर रहा है! इसकी गहन जांच करवाकर दोषी पाए जाने पर धीरेन्द्र को फांसी होनी चाहिए।'

इसके तुरंत बाद उन्होंने एक और पोस्ट में भारत-अमेरिका संबंधों पर तंज कसा और पूछा, 'पहले भारतीयों के हाथ में हथकड़ी, फिर सीजफायर की धमकी, अब 25% टैरिफ और जुर्माना। मोदी की ट्रंप से दोस्ती की और कितनी कीमत देश चुकाएगा?'
डॉ. रविकांत का विवादों से है गहरा नाता
दरअसल, यह पहली बार नहीं है जब डॉ. रविकांत अपने बयानों को लेकर चर्चा में आए हों। दो महीने पहले उन्होंने एक पोस्ट में मुस्कान और सोनम रघुवंशी जैसी महिलाओं को 'संघी विचार' की उपज बताया था। उस मामले में उनके खिलाफ हसनगंज थाने में शिकायत दर्ज हुई थी। इससे पहले उन्होंने साल 2022 में भी काशी विश्वनाथ-ज्ञानवापी विवाद पर टिप्पणी की थी, जिसके लेकर काफी बवाल मचा था।
सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन अब तक चुप
फिलहाल इस मामले में न तो लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन (Lucknow University Administration) और न ही राज्य सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया आई है।
सोशल मीडिया पर बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं
हालांकि, सोशल मीडिया पर इस बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई लोगों ने डॉ. रविकांत के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। एक यूजर ने लिखा, 'ये आदमी एक बड़ी यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर है और इसकी सोच देखो किस तरह की है। एक झूठे वीडियो में इसने मोदी जी, सनातन धर्म, और धीरेन्द्र शास्त्री तीनों का नाम लिखकर जोड़ दिया है। इन्हें केवल और केवल हिंदुस्तान से ही नफरत है।'












Click it and Unblock the Notifications