Daily Political Update: 4 राज्यों में वोटिंग के बाद अब तेलंगाना पर फोकस, PM मोदी और राहुल गांधी का तूफानी दौरा
Assembly Election News Today: चार राज्य (मिजोरम, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान ) में वोटिंग के बाद अब सियासी दलों की अगली नजर तेलंगाना पर है। तेलंगाना में 30 नवंबर को 119 सीटों पर मतदान है, इससे पहले आज पीएम मोदी से लेकर राहुल गांधी तक ताबड़तोड़ चुनावी प्रचार में जुटे हैं।
कांग्रेस और भाजपा के स्टार प्रचारकों ने तेलंगाना में डेरा डाला हुआ है। 30 तारीख को वोटिंग से पहले सभी अपने-अपने समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इस बार तेलंगाना का रण आसान नजर नहीं आ रहा है। क्योंकि सत्तारूढ़ बीआरएस को बीजेपी और कांग्रेस जमकर टक्कर दे रही है। ऐसे में रविवार (26 नवंबर) को क्या चुनावी हाल रहा, जानिए सभी अपडेट्स एक ही खबर में..

तेलंगाना में दिग्गजों का डेरा, पीएम मोदी और राहुल की संभाएं
तेलंगाना में इस बार कांटे की टक्कर नजर आ रही है। अपनी सियासी जमीन मजबूत कर रही बीजेपी स्टार प्रचारकों के सहारे जमकर समर्थन हासिल करने में जुटी है, जबकि कांग्रेस भी इस बार सरकार बनाने का दावा कर रही है।
खिलौना उद्योग को बढ़ाएंगे: निर्मल में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "आज पूरी दुनिया 'मेक इन इंडिया' पहल की सराहना कर रही है, लेकिन बीआरएस और कांग्रेस को देखिए, वे 'मेक इन इंडिया' के बारे में बात तक नहीं करते हैं। बीआरएस और कांग्रेस की इस मानसिकता ने निर्मल के सदियों पुराने खिलौना उद्योग को चकनाचूर कर दिया है। "
मेडक में BRS-कांग्रेस को घेरा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तूप्रान में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस और BRS,दोनों में कोई फर्क नहीं है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री इसे(तेलंगाना) अपनी जागीर मानते हैं। KCR को आखिर दूसरी सीट पर चुनाव लड़ने की जरूरत क्यों पड़ी? वहां क्यों जाना पड़ा? कांग्रेस के राहुल गांधी को भी अमेठी छोड़कर केरल में भागना पड़ा था, KCR को भी भागना पड़ा है। इसका एक कारण भाजपा के कद्दावर उम्मीदवार एटाला राजेंदर हैं और दूसरा कारण किसानों और गरीबों का गुस्सा है।"
राहुल गांधी ने बोला हमला: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कामारेड्डी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "पूरा देश जानता है मैं नरेंद्र मोदी के खिलाफ लड़ता हूं। मेरे खिलाफ 24 केस हैं। 55 घंटे, 5 दिन ED ने मुझसे सवाल पूछे। 2 बजे रात तक मेरी लोकसभा की सदस्यता रद्द कर दी, मेरा घर छीन लिया। अगर KCR नरेंद्र मोदी के साथ नहीं खड़े हैं तो उन पर केस क्यों नहीं लगे? उनका घर क्यों नहीं लिया? उनकी सदस्यता क्यों नहीं ली? भारत में मेरे करोड़ो घर हैं, हर गरीब के दिल में मेरा घर है। पहले यहां पर भाजपा के लोग छाती फैलाए घूम रहे थे। तेलंगाना में अमित शाह ने कहा कि वे OBC सीएम लाएंगे। भैया पहले 2% वोट तो लाओ फिर सीएम की बात करना।"
तेलंगाना में मिनी व्यापम: कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, ''तेलंगाना में भी हमें 'मिनी व्यापमं' की शिकायत मिली थी। यदि हमारी सरकार बनेगी तो निष्पक्षता से बेरोजगारों को रोजगार देने के लिए नियम बनाए जाएंगे। हम वादा करते हैं कि इसमें कोई अनियमितता नहीं होगी। "
निजामाबाद में बीआरएस का हमला: BRS MLC के. कविता ने कहा, "राहुल गांधी तेलंगाना आते हैं, बिरयानी खाते हैं, पान खाते हैं। अच्छा है, वे हमारे मेहमान हैं, हमारा खाना और मेहमान नवाजी टेस्ट करके जाएं... पूरा गांधी परिवार कभी भी तेलंगाना के लोगों के साथ नहीं था। जब भी तेलंगाना के लोगों को उनकी जरूरत पड़ी उन्होंने तेलंगाना को धोखे ही दिए हैं... वे(राहुल गांधी) ये सब भूलकर सिर्फ KCR पर आरोप लगाना चाहते हैं। तेलंगाना की आवाम इसे पसंद नहीं कर रही है... उन्होंने हमारा साथ कभी नहीं दिया है।"












Click it and Unblock the Notifications