Aaj Tak Axis My India Exit Poll 2022: बीजेपी-कांग्रेस में कांटे की टक्कर, जानिए 5 राज्यों में क्या हैं रुझान
नई दिल्ली, 07 मार्च। उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग संपन्न होने के बाद अब 10 मार्च को आने वाले नतीजों पर सबकी नजर है। इससे पहले यूपी में आज (सोमवार) आखिरी चरण के मतदान के बाद से पांचों राज्यों के एग्जिट पोल सामने आने लगे हैं। इस बार एक्सिस माय इंडिया ने आज तक के साथ मिलकर चुनावी राज्यों पर एग्जिट पोल तैयार किया है। सामने आ रहे रुझानों की माने तो 10 मार्च को चुनावी राज्यों के आंकड़ों में बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। सोमवार की शाम जैसे ही 6 बजे चुनाव आयोग की तरफ से मतदान संपन्न हुआ, उसी के साथ ही माय एक्सिस इंडिया के रुझान भी सामने आने लगे।

यूपी में अखिलेश पर भारी सीएम योगी
पाचों चुनावी राज्यों में सबसे महत्वपूर्ण यूपी को बताया जा रहा है, माना जा रहा है कि प्रदेश में बीजेपी के प्रदर्शन से ही पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए रोड मैप तैयार करेगी। एग्जिट पोल के मुताबिक इस बार भी बीजेपी प्रचंड बहुमत के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ सत्ता में वापसी करेंगे। बीजेपी को 288 से 326 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, सपा को 71-101 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं, बसपा के खाते में 3-9 और कांग्रेस के खाते में 1-3 सीटें जा सकती हैं। मालूम हो कि यूपी की 403 विधानसभा सीटों पर सात चरणों के तहत वोटिंग करवाई गई। यहां भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी गठबंधन को मुख्य मुकाबले में देखा जा रहा है।
पंजाब में कांग्रेस को बड़ा झटका
किसान आंदोलन को लेकर सबसे चर्चा में रहे पंजाब के विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल पर खुद भारतीय जनता पार्टी की भी नजरें टिकी होंगी। कैप्टन अमरिंदर सिंह को सीएम पद से हटाने के बाद कांग्रेस में शुरू हुई खींचतान और किसान आंदोलन के बाद बदले राज्य के समीकरणों ने पंजाब विधानसभा चुनाव को बेहद रोमांचक बना दिया है। रुझानों में भी बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। पंजाब में इस बार आम आदमी पार्टी (आप) 76 से 90 सीटों के साथ सरकार बनाती नजर आ रही है। वहीं पंजाब को सिर्फ 19 से 31 सीटों के साथ संतोष करना पड़ सकता है, जबकि बीजेपी की दाल इस बार भी पंजाब में नहीं गलेगी। भाजपा को सिर्फ 1 से 4 सीटें ही मिलने की उम्मीद है। वहीं अन्य को 2 सीटें मिल सकती हैं।
यह भी पढ़ें: Exit Poll 2022 Live: यूपी सहित पांच राज्यों में किसकी बनेगी सरकार, देखिए एग्जिट पोल के नतीजे
Recommended Video
गोवा में नहीं चला ममता-केजरीवाल का जलवा
बीजेपी में सीट बंटवारे को लेकर सबसे चर्चा में रहे गोवा के एग्जिट पोल कुछ अलग ही कहानी बयां कर रहे हैं। टीएमसी के तौर पर नए खिलाड़ी के मैदान में उतरने से गोवा विधानसभा चुनाव इस बार बेहद रोमांचक रहा। हलांकि टीएमसी और आप का जलवा गोवा में नहीं चल सका है। रुझानों की मानें तो गोवा में कांग्रेस और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर दिखाई दे रही है। एग्जिट पोल में बीजेपी को 14-18 सीट मिलने का अनुमान है तो कांग्रेस को 15-20 सीटें मिल सकती है। एमजीपी गठबंधन को 2-5 सीटें मिल सकती हैं।
उत्तराखंड में किसकी सरकार?
उत्तराखंड की बात करें तो यूपी की तरह यहां भी बीजेपी सत्ता में वापसी को लेकर काफी आश्वस्त लग रही है। हालांकि एग्जिट पोल में बीजेपी को सीटों का बड़ा झटका लगा है। अनुमान के मुताबिक 10 मार्च को बीजेपी के खाते में 36-46 सीटें आ सकती हैं, वहीं कांग्रेस को 20-30 सीटें और बीएसपी को 2-4 सीट मिलने की उम्मीद है। अन्य के खाते में भी 2-5 सीटें आ सकती हैं। 70 सीटों वाले उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के नतीजे 10 मार्च को घोषित होंगे।
मणिपुर में बीजेपी की वापसी?
60 विधानसभा सीटों वाले मणिपुर में दो चरण के तहत चुनाव संपन्न हो चुके हैं और वोटों की गिनती 10 मार्च को की जाएगी। मणिपुर में सीधा मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। चुनाव से पहले जारी किए गए कई ओपिनियन पोल में अनुमान लगाया गया कि मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के नेतृत्व में भाजपा फिर से मणिपुर की सत्ता में वापसी करेगी। एग्जिट पोल के मुताबिक बीजेपी को 33-43, कांग्रेस गठबंधन को 4-8, एनपीपी को भी 4-8 और अन्य को 6 से 15 सीटें मिलने का अनुमान है।












Click it and Unblock the Notifications