Assembly Election Results 2018: राजनाथ बोले, अभी ये रुझान, इससे कुछ भी स्पष्ट नहीं है
नई दिल्ली। पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी के नेताओं में निराशा देखने को मिल रही है। कई नेता अभी भी चुनाव परिणाम पर कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं और चुनाव के पूरे नतीजे आने तक इंतजार करने की बात कह रहे हैं। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने चुनाव परिणाम पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अभी भी रुझानों में कुछ स्पष्ट नहीं है। हालांकि राजनाथ सिंह ने उन तमाम विधायकों को मुबारकबाद दी है जिन्होंने जीत दर्ज की है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि जिन विधायकों और राजनीतिक दलों ने जीत दर्ज की है मैं उन्हें बधाई देना चाहता हूं। हालांकि राजनाथ सिंह ने तेलंगाना में महागठबंधन पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना में महागठबंधन बुरी तरह से विफल हो गया है। आपको बता दें कि तेलंगाना में कांग्रेस ने टीडीपी और अन्य क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन किया था, लेकिन यहां की कुल 119 विधानसभा सीटों पर टीआरएस 93 सीटों पर जीतती नजर आ रही है। रुझानों के मुताबिक कांग्रेस सिर्फ 17 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है, जबकि भाजपा के खाते में सिर्फ 2 ही सीटें जाती नजर आ रही है। वहीं अगर अन्य दलों की बात करें तो उनके खाते में सिर्फ 7 सीटें जाती दिख रही हैं।
आपको बता दें कि राजस्थान में कांग्रेस पूर्ण बहुमत की ओर आगे बढ़ती नजर आ रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी सत्ता से दूर होती दिख रही है। वहीं छत्तीसगढ़ में कांग्रेस प्रचंड बहुमत की ओर बढ़ रही है। हालांकि मध्य प्रदेश में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच कांटे की टक्कर जारी है। इस लिहाज से देखें तो कांग्रेस ने इस बार के विधानसभा चुनावों में जबरदस्त वापसी की है। लेकिन पूर्वोत्तर राज्यों की बात करें तो मिजोरम कांग्रेस के हाथ से फिसल गया है।
इसे भी पढ़ें- मध्यप्रदेश में फंसा भाजपा का पेंच, क्या "कोई माई का लाल" ही है जिम्मेदार?












Click it and Unblock the Notifications