उपचुनाव में NDA पर भारी पड़ा इंडिया गठबंधन, 13 सीटों में से 10 पर किया कब्जा, 2 BJP के खाते में गई
Assembly Bypoll Results: लोकसभा चुनाव 2024 में एनडीए गठबंधन को इंडिया ब्लॉक ने कड़ी टक्कर दी थी। एक बार फिर एनडीए बनाम इंडिया गठबंधन की लड़ाई देखने को मिली। जी हां...7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में इंडिया गठबंधन एनडीए पर भारी पड़ गया।
7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नजीते सभी के सामने आ गए हैं। जिनमें कांग्रेस और टीएमसी ने 4-4 सीटें जीती है। जबकि, एनडीए को केवल दो सीटों पर जीत से संतोष करना पड़ा। बिहार की रुपौली सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार शंकर सिंह ने कब्जा जमा लिया है। तो वहीं, जालंधर सीट आम आदमी पार्टी जीत चुकी है।

सात राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), आम आदमी पार्टी (आप) और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके), जो इंडिया ब्लॉक का हिस्सा है। इन सभी पार्टियों ने पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, बिहार और तमिलनाडु में अपने उम्मीदवार खड़े किए थे।
उपचुनाव में बेहतर रहा इंडिया ब्लॉक का प्रदर्शन
इस सभी सीटों पर हुए उपचुनाव में इंडिया गठबंधन का प्रदर्शन बेहतर रहा। पंजाब की जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट की बात करें तो यहां पर आम आदमी पार्टी के मोहिंदर भगत ने जीत दर्ज कराई है। मोहिंदर भगत ने बीजेपी के शीतल अंगुराल को हराकर 37 हजार 325 वोटों से जीत दर्ज की है।
पश्चिम बंगाल में TMC ने किया क्लीन स्वीप
वहीं, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने चारों सीटों पर क्लीन स्वीप करते हुए विपक्षी पार्टियों को सूपड़ा साफ कर दिया है। इतना ही नहीं, हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने भी देहरा सीट पर अपना पहला चुनाव जीत लिया।
हिमाचल की 2 सीटों पर कांग्रेस और 1 सीट पर रहा बीजेपी का कब्जा
देहरा सीट पर सीएम सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने बीजेपी के होशयार सिंह को 9399 वोटों से जीत दर्ज कराई है। वहीं, नालागढ़ सीट पर कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा ने 8990 वोटों से जीत हासिल कर इस सीट पर कब्जा जमा लिया। जबकि, हमीरपुर सीट पर भाजपा के आशीष शर्मा ने कांग्रेस उम्मीदवर पुष्पिंदर वर्मा को 1571 वोटों से हरा दिया।
बिहार की रूपौली सीट पर निर्दलीय शंकर का कब्जा
बिहार की रूपौली सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार शंकर सिंह ने कब्जा जमा लिया। शंकर सिंह ने जनता दल यूनायटेड के कलाधर मंडल को 8246 वोटों से हराया है। वहीं, तमिलनाडु में डीएमके के अन्नियुर शिवा ने विक्रवंडी विधानसभा सीट पर अपना कब्जा जमा लिया। उत्तराखंड में कांग्रेस के दोनों उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कराई है।
उत्तराखंड में कांग्रेस का जलवा
बद्रीनाथ सीट पर कांग्रेस के लखपत सिंह बुटोला ने 5224 वोटों से, तो मंगलौर सीट पर काजी मौहम्मद निजामुद्दीन ने 422 वोटों से जीत दर्ज कराई है। अगर मध्य प्रदेश की अमरवार सीट की बात करें तो पर बीजेपी के कमलेश प्रताप शाह ने 3027 वोटों से जीत दर्ज कराई है। आपको बता दें कि 7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर शनिवार सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हुई।
इन राज्यों में हुआ था उपचुनाव
इससे पहले बुधवार को बिहार, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हिमाचल प्रदेश की सीटों के लिए मतदान हुआ। ये उपचुनाव 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद पहले थे, जिसमें भाजपा ने 240 सीटें जीतीं, लेकिन बहुमत से 32 सीटें कम रह गईं।












Click it and Unblock the Notifications