असम सरकार का ऐतिहासिक कदम! अपना सैटेलाइट लॉन्च करने की तैयारी, ऐसा करने वाला बनेगा पहला राज्य
ASSAMSAT Satellite: असम सरकार ने एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए घोषणा की है कि राज्य जल्द ही अपना खुद का सैटेलाइट ASSAMSAT लॉन्च करेगा। इस पहल के साथ असम भारत का पहला ऐसा राज्य बन जाएगा, जिसका खुद का उपग्रह होगा।
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की अगुवाई वाली सरकार ने इसे आधुनिक तकनीक और विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है। इस सैटेलाइट की मदद से राज्य में डेटा एक्सेस को मजबूत करने, सीमाओं की निगरानी बढ़ाने और विभिन्न सामाजिक-आर्थिक योजनाओं को कारगर बनाने में सहायता मिलेगी।

राज्य की वित्त मंत्री अजन्ता नियोग ने हाल ही में पेश किए गए राज्य बजट 2025 में इस महत्वाकांक्षी परियोजना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ASSAMSAT राज्य के कृषि, आपदा प्रबंधन, बुनियादी ढांचे के विकास और सुरक्षा से जुड़े कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
ये भी पढ़ें: आतिशी ने होली पर मुफ्त LPG सिलेंडर देने के वादे को लेकर दिल्ली सरकार पर निशाना साधा, भाजपा ने किया पलटवार
सैटेलाइट से किन क्षेत्रों को मिलेगा लाभ?
असम सरकार ने बताया कि यह सैटेलाइट राज्य में आर्थिक और सामाजिक विकास को मजबूत करने के लिए डेटा प्रदान करेगा। इसके अलावा, बॉर्डर निगरानी को भी बेहतर बनाया जाएगा।
राज्य की वित्त मंत्री अजन्ता नियोग ने बजट पेश करते हुए कहा, "ASSAMSAT कृषि, आपदा प्रबंधन, बुनियादी ढांचे के विकास, सुरक्षा, सीमा प्रबंधन और पुलिस संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।"
ISRO के साथ मिलकर होगा निर्माण
असम सरकार इस प्रोजेक्ट को IN-SPACe (इंडियन नेशनल स्पेस प्रमोशन एंड ऑथराइजेशन सेंटर) और ISRO (भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन) के सहयोग से विकसित करेगी।
वित्त मंत्री नियोग ने बताया कि राज्य सरकार असम के कॉलेजों के छात्रों को भी इस प्रोजेक्ट से जोड़ेगी ताकि वे अंतरिक्ष विज्ञान में नए प्रयोग कर सकें और देश के अंतरिक्ष कार्यक्रम में योगदान दे सकें।
मुख्यमंत्री ने बताया सैटेलाइट का फायदा
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह सैटेलाइट सीमाओं की निगरानी करने, अवैध घुसपैठ रोकने, बाढ़ की पूर्व जानकारी देने और किसानों को मौसम की सटीक जानकारी देने में मदद करेगा। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट को लेकर ISRO से शुरुआती चर्चा हो चुकी है और जल्द ही इसे लागू किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: Jobs in Assam Rifles: भारतीय सेना से जुड़ने का मौका, असम राइफल्स में भर्ती, 10वीं पास भी कर सकते हैं अप्लाई












Click it and Unblock the Notifications