गौरव गोगोई के पाकिस्तान लिंक पर SIT ने सौंपी रिपोर्ट, CM सरमा ने कहा- बड़ी साजिश का हुआ पर्दाफाश!
Gaurav Gogoi: असम की सियासत इस समय बेहद गर्म है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई पर पाकिस्तान से जुड़े कथित रिश्तों का मामला लंबे समय से चर्चा में है। इस विवाद ने और तूल तब पकड़ा जब राज्य सरकार ने एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। अब इस SIT ने अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को सौंप दी है।
सरमा का कहना है कि जांच में ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जो न सिर्फ चौंकाने वाले हैं बल्कि भारत की संप्रभुता पर भी सवाल खड़े करते हैं। सरमा ने यहां तक दावा किया है कि इसमें एक ब्रिटिश नागरिक की भूमिका भी मिली है, जिसकी शादी एक भारतीय सांसद से हुई है। इस खुलासे ने असम की राजनीति को और ज्यादा गरमा दिया है, वहीं गोगोई इसे केवल राजनीतिक षड्यंत्र करार दे रहे हैं।

पाकिस्तान यात्रा पर उठे सवाल
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान के गृह मंत्रालय की मदद से असम के एक सांसद ने पाकिस्तान की यात्रा की थी। हालांकि, गौरव गोगोई इन आरोपों से लगातार इंकार करते रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि साल 2013 में वह पाकिस्तान गए थे, लेकिन उनका कहना है कि यह यात्रा उनकी पत्नी एलिजाबेथ कोल्बर्न गोगोई के काम से जुड़ी थी, जो उस समय एक जलवायु परिवर्तन परियोजना पर वहां कार्यरत थीं।
ये भी पढ़ें: असम के धुबरी में सांप्रदायिक तनाव, सीएम हिमंत सरमा ने दिए 'शूट-एट-साइट' के आदेश, जानिए क्या है पूरा मामला?
गोगोई बोले- "राजनीतिक साजिश"
गोगोई ने इन आरोपों को पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा, "यह सिर्फ मुझे बदनाम करने की कोशिश है। यह एक सी-ग्रेड फिल्म जैसी कहानी है, जो SIT रिपोर्ट सामने आने के बाद खुद ही फ्लॉप हो जाएगी।"
बीजेपी और कांग्रेस में तीखी जंग
इस पूरे मामले को लेकर असम में सत्ताधारी बीजेपी और विपक्षी कांग्रेस आमने-सामने हैं। जहां बीजेपी सरकार गोगोई पर गंभीर आरोप लगा रही है, वहीं गोगोई का कहना है कि यह सब एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश है।
SIT का गठन और सदस्य
राज्य सरकार ने 17 फरवरी को कैबिनेट की बैठक में इस जांच टीम का गठन किया था। SIT में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मुन्ना प्रसाद गुप्ता, रोजी कालिता, प्रणबज्योति गोस्वामी और मैत्रयी डेका शामिल हैं। टीम को पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख और उसके सहयोगियों की गतिविधियों की जांच की जिम्मेदारी दी गई थी।
ये भी पढ़ें: पहलगाम में कैसे घुसे आतंकी, फरार होने में किसने की मदद? गौरव गोगोई ने रक्षा मंत्री से किए सवाल












Click it and Unblock the Notifications