पूर्वोत्तर के 3 दिवसीय दौरे पर अमित शाह, पारंपरिक अंदाज में गुवाहाटी में हुआ जोरदार स्वागत
Amit Shah Assam Visit: बंगाल के साथ ही असम में भी अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं, जिस वजह से बीजेपी के दिग्गज नेताओं ने वहां पर मोर्चा संभाल लिया है। शुक्रवार देर रात केंद्रीय गृहमंत्री और बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह (Amit Shah) पूर्वोत्तर के तीन दिवसीय दौरे पर गुवाहाटी पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल की अगुवाई में उनका जोरदार स्वागत हुआ। अपने दौरे के दौरान अमित शाह कई अहम बैठकों में हिस्सा लेंगे।
Recommended Video

शुक्रवार रात विशेष विमान से गृहमंत्री अमित शाह दिल्ली से गुवाहाटी के लिए रवाना हुए। रात होने के बावजूद बीजेपी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे। जैसे ही काफिला एयरपोर्ट से बाहर निकला वैसे ही पारंपरिक वाद्य यंत्रों और नृत्य के साथ उनका स्वागत किया गया। जिस पर अमित शाह ने खुशी जाहिर की। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि मैं गुवाहाटी पहुंच गया हूं, इस दौरान असम के लोगों ने भव्य स्वागत किया, जिससे मैं अभिभूत हो गया। इस भव्य स्वागत के लिए मैं असम के लोगों को दिल से धन्यवाद कहता हूं।
अपने दौरे के दौरान शाह यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल-बीजेपी-गण सुरक्षा पार्टी गठबंधन के 23 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करेंगे। साथ ही वो मध्य असम के बाताद्रव में वैष्णव संत श्रीमंत शंकरदेव के जन्मस्थान के सौंदर्यीकरण कार्यक्रम की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद रविवार सुबह शाह कामाख्या मंदिर में दर्शन करने जाएंगे। इसी दिन उनके मणिपुर जाने का भी कार्यक्रम है।
BTC चुनाव में हुआ था फायदा
हाल ही में बोडोलैंड क्षेत्रीय परिषद (BTC) चुनाव के परिणाम आए थे। जिसमें बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) को 17 सीटें मिली हैं। वहीं यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) 12 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने 9 सीटों पर और कांग्रेस ने एक पर जीत हासिल की। इस चुनाव को विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल कहा गया, जिसमें बीजेपी तीसरी पार्टी बनकर उभरी। इस जीत पर शाह ने भी खुशी जाहिर की थी।












Click it and Unblock the Notifications