हिमंत सरमा की पत्नी पर आरोप लगाने वाले पवन खेड़ा की बीवी खुद रही हैं विवादों में, बीजेपी ने लगाए थे आरोप
Assam Election:असम विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आते ही राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। भाजपा मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में सत्ता की हैट्रिक लगाने की उम्मीद कर रही है, वहीं कांग्रेस गौरव गोगोई के चेहरे के साथ 15 साल के राजनीतिक वनवास को समाप्त करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।
वहीं मतदान से ठीक पहले असम चुनाव 'पति-पत्नी' से जुड़े मामलों में उलझकर व्यक्तिगत आरोपों का चुनावी अखाड़ा बन गया है। असम सीएम हिमंत सरमा लंबे समय से कांग्रेस नेता गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ कोलबोर्न पर पाकिस्तान से संबंध रखने और पाक के लिए जासूसी करने के गंभीर आरोप लगाते रहे हैं।

वहीं अब कांग्रेस ने भी पलटवार करते हुए हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुंइया सरमा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने दावा किया है कि रिनिकी भुंइया सरमा के पास यूएई, एंटीगुआ-बारबुडा और मिस्र के तीन देशों के पासपोर्ट होने और दुबई में संपत्तियां होने और चुनावी हलफनामे में उनका खुलासा न करने का आरोप लगाया है। खास बात ये है कि सरमा की आरोप लगाने वाले पवन खेड़ा की पत्नी का भी विवादों से नाता रहा है। पूर्व में भाजपा उन पर गंभीर आरोप लगा चुकी है। आइए जानते हैं पूरा मामला...
कौन हैं पवन खेड़ा की पत्नी और क्या करती हैं?
पवन खेड़ा की पत्नी कोटा नीलिमा हैं। वह लेखिका और शोधकर्ता हैं और राजनीति में भी सक्रिय रही हैं। नीलिमा ने किसानों और सामाजिक मुद्दों पर कई किताबें लिखी हैं और अक्सर राजनीतिक विषयों पर टिप्पणी भी करती रहती हैं।
पवन खेड़ा की पत्नी पर लग चुका है ये आरोप?
दरसअल, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की पत्नी कोटा नीलिमा पर भाजपा ने पूर्व में कई वोटर आईडी कार्ड रखने का आरोप लगाया है। ये आरोप 3 सितंबर 2025 को भाजपा के IT सेल प्रमुख अमित मालवीया ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की पत्नी कोटा नीलिमा के पास दो सक्रिय वोटर ID कार्ड (EPICs) हैं-एक तेलंगाना के खैरताबाद में और दूसरा नई दिल्ली में। इस आरोप के बाद चुनाव आयोग ने पवन खेड़ा को नोटिस जारी किया और उनसे जवाब मांगा कि उन्होंने दो अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में पंजीकरण क्यों किया। आयोग ने इस मामले में जवाब देने के लिए 8 सितंबर 2025 तक का समय भी निर्धारित किया था।
सरमा ने गोगोई की पत्नी पर लगाए हैं गंभीर आरोप?
गौरतलब है कि सरमा ने गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने तथा भारत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ पाकिस्तानी नागरिकों को रिपोर्ट करने का आरोप लगाया था। असम सरकार ने इस मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा बताते हुए गृह मंत्रालय को सौंपने का निर्णय भी लिया था।
गौरव गोगोई ने सरमा की पत्नी की संपत्ति की जांच की उठाई मांग
वहीं कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने सीएम सरमा की पत्नी के पास तीन देशों के पासपोर्ट और विदेशी संपत्ति के खुलासे को "चौंकाने वाला" बताया उन्होंने कहा, "एक से ज़्यादा पासपोर्ट रखना और अपनी संपत्तियों का ब्यौरा न देना एक गंभीर और आपराधिक मामला है।" उन्होंने माँग की कि असम से विदेशों में स्थित अपने बैंक खातों में कितना पैसा भेजा गया है, इसकी भी जाँच होनी चाहिए। गोगोई ने हिमंत बिस्वा सरमा को असम और भारत के लिए "शर्मिंदगी का सबब" बताया।
राहुल गांधी बोले- हिमंत सरमा देश के सबसे भष्ट्र सीएम
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पवन खेड़ा द्वारा हिमंत सरमा के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "हिमंत सरमा देश के सबसे भ्रष्ट और सबसे सांप्रदायिक मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने असम की जनता को धोखा दिया है और गुमराह किया है, जिसका सबूत जनता के सामने है। असम की जनता उनके भ्रष्टाचार को कभी माफ नहीं करेगी और उन्हें सजा निश्चित मिलेगी।"












Click it and Unblock the Notifications