Assam Election 2026: असम में फाइनल वोटर लिस्ट जारी, CEC ज्ञानेश कुमार बोले- 'मतदाता सूची का शुद्धिकरण हुआ'
Assam Election 2026: असम में विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियां चल रही हैं। हाल ही में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया खत्म हुई है। चुनाव आयोग ने राज्य की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। इस संबंध में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग ने पूरी निष्पक्षता और कुशलता के साथ प्रक्रिया अंजाम दी है। अब राज्य के पास शुद्ध मतदाता सूची है और यह लोकतंत्र की आधारशिला है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने स्पष्ट किया कि एसआईआर (SIR) प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य यह पक्का करना था कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रह जाए। सीईसी ने कहा, 'हमने पूरी निष्पक्षता से सुनिश्चित किया है कि कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।'

Assam Election 2026: फाइनल लिस्ट में 2.49 लाख मतदाता
- CEC ने कहा, 'अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में लगभग 2.49 करोड़ मतदाताओं को शामिल किया गया है। यह संख्या राज्य में लोकतांत्रिक भागीदारी को बड़े संदर्भ में पेश करती है।'
- चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि इस विशेष अभियान के दौरान घर-घर सत्यापन, दस्तावेजों की जांच और दावों-आपत्तियों की सुनवाई की गई।
- बूथ स्तर के अधिकारियों (BLO) ने मतदाता डेटा का भौतिक सत्यापन किया, ताकि सूची पूरी तरह पारदर्शी और सटीक बन सके। आयोग का कहना है कि तकनीक और जमीनी स्तर की जांच के समन्वय से सूची को अधिक विश्वसनीय बनाया गया है।
Assam SIR List: चुनाव में एसआईआर प्रक्रिया बना बड़ा मुद्दा
असम जैसे संवेदनशील राज्य में मतदाता सूची की शुद्धता को विशेष महत्व दिया जाता है। राजनीतिक दलों और नागरिक संगठनों की नजर भी इस प्रक्रिया पर रही। आयोग ने भरोसा दिलाया है कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और कानूनी प्रावधानों के मुताबिक हुई है। असम में मतदाता सूची संशोधन को लेकर राजनीतिक बवाल भी जारी है। कांग्रेस औ विपक्षी दलों का आरोप है कि इस प्रक्रिया के जरिए कुछ लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। दूसरी ओर बीजेपी और सीएम हिमंता बिस्वा सरमा का कहना है कि हरेक घुसपैठी और अपात्र मतदाताओं की पहचान कर उन्हें लिस्ट से निकाला जाएगा।
असम में चुनावी माहौल धीरे-धीरे गरमाता जा रहा है और राजनीतिक दल अपनी रणनीतियां तैयार कर रहे हैं। ऐसे में 2.49 करोड़ मतदाताओं की अंतिम सूची जारी होना चुनावी प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है। चुनाव आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने नाम और विवरण की जांच कर लें तथा किसी त्रुटि की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार कराएं।












Click it and Unblock the Notifications