केजरीवाल से 'जुबानी जंग' के बीच असम सीएम ने दिया 5 राष्ट्रीय राजधानियों का प्रस्ताव
नई दिल्ली, 29 अगस्त: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के बीच जुबानी जंग जारी है। दोनों नेता लगातार ट्विटर के जरिए एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं। अब सरमा ने आरोप लगाया है कि केजरीवाल सिर्फ दूसरे राज्यों का मजाक उड़ाना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने क्षेत्रीय असमानता को समाप्त करने के लिए पांच राष्ट्रीय राजधानियों का प्रस्ताव रखा।

सीएम हिमंत ने केजरीवाल को लेकर सोमवार को तीन ट्वीट किए। जिसमें उन्होंने लिखा कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल बातचीत में लगे हुए हैं। उनकी आदत दूसरे राज्यों का मजाक उड़ाने की है। मेरा विचार है कि हमें असमानता की बीमारी को ठीक करने पर काम करना चाहिए, ना कि गरीब राज्यों का मजाक उड़ाने पर। क्या हमारे पास भारत की 5 राजधानियां हो सकती हैं, हर क्षेत्र में एक? इससे ये सुनिश्चित होगा कि दिल्ली जैसी सरकारों के पास उत्तर पूर्व और पूर्व के राज्यों की तुलना में बड़ी संपत्ति नहीं है। और हां निश्चित रूप से ये भी पता चलेगा कि हम पीएम मोदी के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार की दिशा में क्या काम कर रहे हैं।
सरमा के मुताबिक 7 दशक तक इग्नोर होने के बाद 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वोत्तर को मुख्यधारा में लाने की प्रक्रिया शुरू की। उत्तर पूर्व को सहानुभूति की आवश्यकता नहीं है। हमें वो चाहिए जो हमारे हक का बचा हुआ था- सम्मान, संसाधन और उत्थान।
'न्यूयॉर्क से करें तुलना'
इससे पहले रविवार को भी सरमा ने केजरीवाल पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अपने स्कूलों की तुलना असम से क्यों करते हैं? अगर उन्हें तुलना करनी ही है तो न्यूयॉर्क और टोक्यो से करनी चाहिए, क्योंकि दिल्ली देश की राजधानी है।












Click it and Unblock the Notifications