असम के राज्यपाल जगदीश मुखी हुए कोरोना संक्रमित, अस्पताल में भर्ती
गुवाहाटी, 13 जनवरी: असम और नागालैंड के राज्यपाल जगदीश मुखी को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक संक्रमण की पुष्टि होने के बाद जगदीश मुखी को गुवहाटी के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ दिनों पहले कोरोना के लक्षण सामने आने पर राज्यपाल जगदीश मुखी और उनकी पत्नी ने कोरोना की जांच कराई थी। बुधवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

असम राजभवन से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि राज्यपाल और उनकी पत्नी ने पिछले दिनों आरटी-पीसीआर जांच कराई थी। कुछ लक्षण होने के चलते उन्होंने पत्नी के साथ जांच कराने का फैसला किया था। बुधवार को इसकी रिपोर्ट आई, जिसमें राज्यपाल जगदीश मुखी के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है, जबकि उनकी पत्नी संक्रमित नहीं पाई गई हैं। रिपोर्ट आने के बाद राज्यपाल को बुधवार शाम अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जगदीश मुखी को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट कर कहा कि, वह राज्यपाल के स्वास्थ्य की जानकारी समय समय पर प्राप्त करने के लिए अधिकारियों के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि, यह सुनिश्चित करता हूं कि उन्हें सर्वोत्तम संभव उपचार मिले।" राज्यपाल जगदीश मुखी की पत्नी की रिपोर्ट निगेटिव आई है, उन्हें राजभवन में रखा गया है।
असम में कोरोना के अभी भी 7 हजार से अधिक सक्रिय मामले हैं। असम सरकार की ओर जारी आंकड़ों के मुताबिक अभी तक असम में कोरोना संक्रमण के 5 लाख 80 हजार से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। वहीं मौजूदा समय में पूरे राज्य के अदंर कोरोना संक्रमण के कुल 7707 मामले हैं। सरकार के मुताबिक अभी तक राज्य के 5 लाख 66 हजार से अधिक लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications