असम: AIUDF विधायक ने जिन्ना से की RSS की तुलना, कहा- दोनों ने देश को बांटा
गुवाहाटी, 22 मार्च: असम की क्षेत्रीय पार्टी ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के विधायक रफीकुल इस्लाम के एक बयान पर विवाद हो गया है। उन्होंने मंगलवार को पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तुलना कर दी। विधायक के मुताबिक दोनों एक जैसे ही हैं, क्योंकि उन्होंने धर्म के आधार पर देश को बांटा है।

इस्लाम ने कहा कि जिन्ना ने देश को दो भागों में विभाजित किया था, जिसके बाद पाकिस्तान बना। अब यही काम बीजेपी और आरएसएस कर रही है। वो हिंदू-मुसलमानों और दलितों-गैरदलितों को विभाजित कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि मेरी पार्टी एआईयूडीएफ जाति, समुदाय और धर्म के आधार पर लोगों के बंटवारे का समर्थन नहीं करती है। अब बीजेपी सरकार नफरत फैला रही है, जो अच्छा संकेत नहीं है।
वहीं हाल ही में रिलीज हुई फिल्म द कश्मीर फाइल्स की खूब चर्चा हो रही है। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री इस फिल्म का समर्थन कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें कश्मीरी पंडितों के पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए। उन्हें कश्मीर में हुई हत्याओं की भी जांच करनी चाहिए, ये पीएम मोदी और बीजेपी सरकार की जिम्मेदारी है। इसके अलावा कश्मीर पंडितों को न्याय दिलाना चाहिए, लेकिन बीजेपी का मकसद नफरत फैलाना है।












Click it and Unblock the Notifications