असम: तालाब में गिरा 11,000 वोल्ट का हाईवोल्टेज तार, 7 मछुआरों की मौत, 5 बुरी तरह जख्मी
रुपोही। असम के नगांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां बिजली की हाईवोल्टेज तार के एक तालाब में गिर जाने के चलते करंट लगने से कम से कम 7 मछुआरों की मौत हो गई। 5 मछुआरे गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा जुरिया पुलिस थाना अंतर्गत रुपोही इलाके में उस वक्त हुआ, जब तालाब के ऊपर लटक रही 11,000 वोल्ट की ढीली तार पानी से छू गई।

पुलिस ने स्थानीय निवासियों के हवाले से बताया कि सुबह करीब पांच बजे ग्रामीणों ने बिजली विभाग को तार के ढीली होने की सूचना दी थी, लेकिन उन्हें बताया गया कि तार में करंट नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि एक घंटा बाद मछुआरे तालाब में गये, लेकिन तार में करंट आ गया और इसकी चपेट में आकर छह मछुआरों की मौत हो गयी।
पुलिस ने बताया कि घायलों को नगांव के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया है। पुलिस ने बताया कि नाराज ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों के घर पहुंचे और उनकी कार को नुकसान पहुंचाया। मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल के निर्देश पर राज्य के बिजली मंत्री केसब गोगोई घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।












Click it and Unblock the Notifications