श्रीनगर में गिरफ्तार हुई अलगाववादी नेता आसिया अंद्राबी, घाटी में हिंसा भड़काने में शामिल
दुख्तरान-ए-मिलात की अलगाववादी नेता आसिया अंद्राबी श्रीनगर में गिरफ्तार। हुर्रियत कांफ्रेंस की भी नेता है आसिया जिसकी कई मौको पर लश्कर-ए-तैयबा का सरगना हाफिज सईद कर चुका है तारीफ।
श्रीनगर। अलगाववादी नेता और दुख्तरान-ए-मिलात की मुखिया आसिया अंद्राबी को श्रीनगर में गिरफ्तार कर लिया गया है। आसिया की संस्था एक इस्लामिक अलगाववादी संगठन है जो समय-समय पर घाटी के लोगों को उन चीजों को लेकर फतवे जारी करती रहती है जो गैर-इस्लामिक हैं। आसिया, हुर्रियत कांफ्रेंस की भी सदस्य है।

ट्रेनिंग में दिखाए जाते आसिया के वीडियो
घाटी में इस समय जो हालात हैं, उनमें हमेशा आसिया के रोल के बारे में बाते होती रहती हैं। कहा जाता है कि आसिया घाटी के लोगों को भड़काने का काम करती है। गिरफ्तार हुए आतंकियों ने कई बार इस बात को पूछताछ में माना है कि आसिया के कई वीडियोज को उन्हें एलओसी के पार आतंकवादी के लिए दी जाने वाली ट्रेनिंग में लगातार दिखाया जाता है। इस तरह की रिपोर्ट्स कुछ दिनों पहले आई थीं जिनमें लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी बहादुर अली, जो कि इस समय सुरक्षा बलों के कब्जे में है, उसने यह बात जांचकर्ताओं को बताई थी कि उसे आसिया के कई भड़काऊ भाषण वाले वीडियोज दिखाए गए थे।
पति हिजबुल मुजाहिद्दीन का आतंकी
आसिया की शादी आशिक हुसैन फक्तू से हुई है जो कि हिजबुल मुजाहिद्दीन का नेता है और इस समय जेल में है। फिलहाल अभी यह साफ नहीं है कि आसिया को कानून की किन धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। लेकिन जो जानकारी कुछ रिपोर्ट्स से मिली है उसके मुताबिक केंद्र सरकार उस पर यूएपीए लगाने की तैयारी कर रहा था। आसिया ने 14 अगस्त 2015 को पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाहौर में हुई रैली को फोन के जरिए संबोधित किया था। आसिया ने पाकिस्तान के लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और पाकिस्तान के समर्थन में जमकर नारे लगाए। इस रैली में मोस्ट वांटेंड आतंकी हाफिज सईद भी मौजूद था।












Click it and Unblock the Notifications