NCP संकट पर असदुद्दीन ओवैसी का कांग्रेस पर तंज, कहा- गिरेबान में झांककर देखें कैसे-कैसे धोखे दिए
Asaduddin Owaisi News: महाराष्ट्र में एक बार फिर बड़ा सियासी घमासान मचा। एनसीपी नेता अजित पवार अन्य साथियों के साथ महाराष्ट्र की शिंदे-फडणवीस सरकार में जाकर शामिल हो गए। अजित पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। साथ ही 9 एनसीपी नेताओं ने भी राजभवन में मंत्री पद की शपथ ली।
अजित पवार का यह कदम महाविकास अघाड़ी के लिए बड़ा झटका है। पहले शिवसेना में टूट और अब एनसीपी की हुई इस हालत पर AIMIM नेता असदुद्दीन ओवैसी ने कांग्रेस पर करारा हमला बोला है।

दरअसल, राजस्थान विधानसभा चुनावों को देखते हुए असदुद्दीन ओवैसी रविवार से दो दिन के जयपुर दौरे पर हैं। ऐसे में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने पटना में हुई विपक्ष एकता की बैठक को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा।
कांग्रेस अपने गिरेबान में झांककर देखें-ओवैसी
अपने बयान में ओवैसी ने कहा कि पटना में विपक्ष की बैठक हुई और बैठक में शरद पवार जिसे लेकर आए थे प्रफुल्ल पटेल को वे आज भाजपा से जाकर मिल गए। इसके बावजूद भी कांग्रेस सेक्युलरिज्म का सर्टिफिकेट बांटती है। कांग्रेस अपने गिरेबान में झांककर देखें कि उन्होंने कैसे-कैसे धोखे दिए हैं।
कांग्रेस पर साधा निशाना
उन्होंने आगे कहा कि आज मीडिया में हर विपक्ष पार्टी का नेता रो रहा है हैं कि भाजपा ने एनसीपी को तोड़ दिया। आज 40 विधायक चले गए तो गलत है और बिहार में हमारे 4 विधायकों को आपने खरीद लिया तो वह सही है? तुम करो तो अच्छा और दूसरे करें तो गलत?
अजित पवार फिर से फडणवीस के पास लौटे
एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने कहा कि अजित पवार फिर से फडणवीस के पास गए। उनके साथ विधायक भी गए, वे सत्ता के लिए कुछ भी कर सकते हैं। एनसीपी, महाराष्ट्र में बीजेपी की बी टीम बन गई है। शायद वह (शरद पवार) भी यही चाहते थे। बीजेपी एक वॉशिंग मशीन है। 70,000 करोड़ रुपए के घोटाले का क्या होगा। पीएम मोदी ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से दो दिन पहले कहा था कि एनसीपी सबसे भ्रष्ट पार्टी है। महाराष्ट्र की जनता देख रही है।
40 विधायकों और 6 एमएलसी का समर्थन
आपको बता दें कि रविवार को अपने आवास पर विधायकों की बैठक के बाद अजित पवार ने राजभवन जाकर महाराष्ट्र की एनडीए सरकार को अपना समर्थन दिया, जिसके बाद उन्होंने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। साथ ही 9 अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। सूत्रों के मुताबिक उपमुख्यमंत्री अजित पवार को 40 NCP विधायकों और NCP के 6 एमएलसी का समर्थन प्राप्त है।












Click it and Unblock the Notifications