'मणिपुर जल रहा और पीएम मोदी एक फर्जी फिल्म का प्रचार कर रहे', केरल स्टोरी को लेकर ओवैसी का बड़ा हमला
Asaduddin Owaisi: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक में चुनावी लाभ के लिए 'द केरल स्टोरी' विवाद में कूद गए हैं।

Asaduddin Owaisi On The Kerala Story: कर्नाटक में चुनाव प्रचार जैसे जैसे समाप्ति की ओर बढ़ रहा है वैसे वैसे नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। हर पार्टी के नेता अपने स्तर पर जनता को लुभाने के लिए तरह-तरह की कोशिशें कर रहे हैं। चाहे वह चुनाव को धार्मिक रंग देने का मसला हो या जातीय रंग देने का मसला हो। कर्नाटक चुनाव में बजरंगबली बली के बाद अब केरल स्टोरी फिल्म की एंट्री हो गई है। पीएम मोदी ने चुनाव में केरल स्टोरी पर टिप्पणी पर मुद्दे को गर्मा दिया है। अब इस मसले को लेकर एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने पीएम मोदी पर जोरदार हमला बोला है।
पीएम मोदी फर्जी फिल्म का प्रचार कर रहे हैं: ओवैसी
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक में चुनावी फायदे के लिए 'द केरल स्टोरी' विवाद में दखल दिया। ओवैसी ने एक ट्वीट में कहा, पीएम नरेंद्र मोदी को कर्नाटक विधानसभा चुनाव जीतने के लिए 'झूठ और प्रोपोगेंडा' पर आधारित फिल्म द केरल स्टोरी (The Kerala Story) पर भरोसा करना पड़ा। वह एक फर्जी फिल्म का प्रचार कर रहे हैं। ऐसे समय में जब जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना के पांच जवान मारे गए हैं और मणिपुर आग में जल रहा है।
केरल स्टोरी गंदी मूवी: ओवैसी
असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) ने कहा कि दे केरल स्टोरी झूठी फिल्म है। हमारा बुर्का दिखाकर और लोगों के बीच भ्रम फैलाकर सिर्फ पैसा कमाना चाहते हैं ये लोग। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश में नफरत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। पीएम सिर्फ चुनाव जीतने के लिए इतना नीचे गिर गए हैं। वे हमें कौन सी सजा देना चाह रहे हैं? ओवैसी ने कहा कि सिर्फ भाषण मत करो और पाकिस्तान को रोको कि वो आकर हमारे सैनिकों को न मार पाए।ओवैसी ने तंज करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रवाद पर केवल चुनाव में भाषण देते हैं लेकिन हमारे सैनिक मरते हैं तब चुप रहते हैं।
पीएम मोदी ने केरल स्टोरी पर क्या कहा था?
दरअसल, पीएम मोदी ने कर्नाटक की रैली में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि केरल स्टोरी का विरोध कुछ लोग इसलिए कर रहे हैं क्योंकि इसमें आतंकी साजिश का खुलासा हुआ है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म में एक राज्य में चल रही आतंकी साजिश का खुलासा किया गया है जहां के लोग इतने परिश्रमी और प्रतिभाशाली हैं।












Click it and Unblock the Notifications