केजरीवाल ने राहुल गांधी से की हरियाणा में गठबंधन करने की गुजारिश, बोले- साथ लड़ने पर जीतेंगे सभी 10 सीटें
नई दिल्ली: दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन लोकसभा चुनाव के लिए भले ही नहीं हो पाया हो। लेकिन आप के संयोजक केजरीवाल ने राहुल गांधी के सामने बुधवार को एक और प्रस्ताव रखा। उन्होंने हरियाणा में आगामी लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी, जननायक जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की गुजारिश राहुल से की। हालांकि राहुल या कांग्रेस की तरफ से अब तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
'हरियाणा में जीतेंगे सभी 10 सीटें'
अरविंद केजरीवाल ने दावा किया अगर ये गठबंधन होता है तो भाजपा को हराने के साथ ही पार्टी को यहां की सभी 10 लोकसभा सीटों में जीत मिलेगी। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि देश के लोग अमित शाह और मोदी जी की जोड़ी को हराना चाहते हैं। अगर हरियाणा में JJP, AAP और कांग्रेस साथ लड़ते हैं तो हरियाणा की दसों सीटों पर भाजपा हारेगी। राहुल गांधी जी इस पर विचार करें। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में हरियाणा में बीजेपी ने दस में से सात सीटें जीती थी। वहीं कांग्रेस को एक और इंडियन नेशनल लोकदल को दो सीट मिली थी।

'मोदी-शाह की जोड़ी देश के लिए खतरनाक'
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि नरेद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी देश के लिए बहुत खतरनाक है। इन्हें हराना महत्वपूर्ण है। देश दो तरफ बंट गया है। एक तरफ वो लोग हैं जो पीएम मोदी के लिए समर्पित हैं और उन्हें वोट देना चाहते हैं और वहीं दूसरी तरफ वो लोग शामिल है जो पीएम मोदी को हराना चाहते हैं। पीएम मोदी को हराने वालों की संख्या बहुत बड़ी है। लेकिन वो खुद में ही बंटे हुए हैं। नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी इसलिए जीतती है कि क्योकि ये लोग बंटे हुए हैं।

राहुल का दिल्ली में अकेले लड़ने का ऐलान
राहुल गांधी ने सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस और आप के गठबंधन को लेकर किसी भी तरह की अटकलों पर विराम लगा दिया था। राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी दिल्ली की सभी सातों सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं केरगी। साल 2014 के आम चुनाव में कांग्रेस और आप को एक भी सीट नसीब नहीं हुई थी। बीजेपी ने दिल्ली की सभी सातों सीटों पर क्लीन स्वीप किया था। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी गठबंधन ना होने के लिए कांग्रेस को दोषी ठहराया था।












Click it and Unblock the Notifications