आंध्र प्रदेश रेल हादसे पर अरविंद केजरीवाल ने जाहिर किया दुख, बोले- यह बेहद चिंताजनक
आंध्र प्रदेश रेल हादसे पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दुख जाहिर किया है। इस हादसे में मृतकों के परिजनों के प्रति दुख जाहिर करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं आपके साथ हैं। इसके साथ ही अरविंद केजरीवाल ने रेल हादसों को लेकर चिंता जाहिर की है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा आंध्र प्रदेश में हुई ये ट्रेन दुर्घटना बेहद दुखद है। इस हादसे में जिन परिवारों ने अपनों को खो दिया उनके साथ मेरी संवेदनाएँ। ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि जो लोग घायल हुए हैं वो जल्द स्वस्थ होकर अपने घर लौटें। देश में बार-बार इस तरह की ट्रेन दुर्घटनाओं का होना बेहद चिंताजनक है।

बता दें कि आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में 29 अक्टूबर को दो पैसेंजर ट्रेनों की आपस में टक्कर हो गई। इस रेल हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई जबकि तकरीबन 50 यात्री घायल हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन ने इस हादसे पर दुख जाहिर किया है। मृतको के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया गया है।
यह रेल हादसा विशाखापत्तनम-पलासा पैंसेंजर ट्रेन और विशाखापत्ननम-रायगड़ा पैंसेंजर स्पेशल ट्रेन के बीच हुआ है। इस रेल हादसे की वजह से कई ट्रेनों के रूट को बदला गया है। फिलहाल रेलवे कर्मचारी रेल ट्रैक को साफ करने का काम कर रहे हैं ताकि इस रूट पर आने वाली ट्रेनों का संचालन फिर से बहाल किया जा सके।
जानकारी के अनुसार इस हादसे की वजह से 13 ट्रेनों को रद्द किया गया है या फिर उनका रूट बदला गया है। रेलवे की ओर से कहा गया है कि हादसे की वजह से ट्रैक ब्लॉक हो गया है। यहां मरम्मत का कार्य जारी है। जिसकी वजह से यहां से ट्रेनों का संचालन नहीं हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications