बुलंदशहर हिंसा पर केजरीवाल ने पूछा, 'तो क्या बीजेपी ने खुद अपने गुंडे भेजकर दंगा करवाया?'
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में गोकशी की खबर के बाद जिस तरह से हिंसा फैली और एक युवक के अलावा इंस्पेक्टर सुबोध सिंह की जान गई, इसको लेकर विपक्षी दल लगातार बीजेपी पर निशाना साध रहे हैं। कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर लगातार योगी सरकार पर विपक्षी दल निशाना साध रहे हैं। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने उन खबरों के बाद बीजेपी को आड़े हाथों लिया है जिसमें हिंसा के पीछे साजिश की आशंका व्यक्त की जा रही है।

अरविंद केजरीवाल ने विनोद कापड़ी के ट्वीट के जवाब में लिखा, 'तो क्या भाजपा वालों ने खुद गाय काट कर फेंकी, खुद अपने गुंडे भेज कर दंगा करवाया और फिर पुलिस वाले को मरवा दिया?' अरविंद केजरीवाल ही नहीं, कई नेताओं ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। सपा अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भी कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए थे।
बता दें कि बुलंदशहर में हिंसा के दौरान आगजनी, तोड़फोड़ की घटनाओं के बीच पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की जान चली गई जबकि एक युवक सुमित की जान भी गोली लगने से गई। गोकशी की खबर पर फैली हिंसा ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications