अरुणाचल प्रदेश: पुलिस की गोलीबारी में 1 की मौत, ईटानगर में लगा कर्फ्यू
ईटानगर। स्थाई निवास प्रमाण पत्र (PRC)के मुद्दे पर अरुणाचल प्रदेश सुलग उठा है। कई आदिवासी संगठनों ने इस दौरान उपद्रव किया है। फैली हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। अधिकारियों द्वारा इंटरनेट सेवाओं को बंद करने और प्रतिबंधात्मक आदेश लागू करने के बाद अरुणाचल प्रदेश में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अरुणाचल प्रदेश में पुलिस की गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत पर शोक व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि राज्य में शांति लौट आएगी। इसी बीच सरकार ने ईटानगर में स्थिति को निंयत्रित करने के लिए आईटीबीपी की 6 कंपनियां नियुक्त की हैं।

एहतियात के तौर पर राज्य की राजधानी ईटानगर में इंटरनेट सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है। सेना को बुलाया गया और उसने नाहरलागुन और ईटानगर के बीच फ्लैग मार्च किया। प्रदर्शनकारियों ने शुक्रवार शाम को लगभग 50 वाहनों को जला दिया और 100 अन्य को नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने कहा कि उन्होंने पुलिस पर पथराव किया है। इसमें 24 पुलिसकर्मियों सहित 35 लोग घायल हो गए।
दरअसल, 6 आदिवासी समुदायों को स्थायी निवासी प्रमाण पत्र देने के प्रस्ताव के खिलाफ बुलाए गए बंद के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में लोग सड़क पर उतर आए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने गैर-अरुणाचलियों को स्थायी निवास प्रमाण पत्र (पीआरसी) देने के लिए सरकार द्वारा नियुक्त पैनल की सिफारिशों में बदलाव की मांग करते हुए ईटानगर में सिविल सचिवालय में प्रवेश की कोशिश की थी।
उन्हें रोकने की कोशिश की और प्रदर्शनकारियों के नहीं मानने पर मजबूरन पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। ईटानगर के कई हिस्सों में हिंसा हुई। पुलिस ने 21 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। वहीं गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने छह आदिवासी समुदायों को स्थायी निवासी प्रमाण पत्र देने के प्रस्ताव के खिलाफ राज्य के कुछ हिस्सों में चल रहे विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर अरुणाचल प्रदेश के लोगों से शांति बनाये रखने की शनिवार को अपील की।
वहीं राहुल गांधी ने ट्वीट किया, अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में पुलिस की गोलीबारी में एक निर्दोष युवक की मौत के बारे में सुनकर मुझे दुख हुआ, जिसमें कई अन्य घायल भी हुए हैं। युवक के परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग शीघ्र स्वस्थ हो जाएं और अरुणाचल में शांति लौट आए।












Click it and Unblock the Notifications