इस तारीख तक नियुक्त हो सकते हैं 2 नए चुनाव आयुक्त, कैसे पूरी होगी ये प्रक्रिया? जानिए
अरुण गोयल के चुनाव आयुक्त पद से इस्तीफे के बाद अब दो नए चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति की चर्चा तेज हो गई है। संभावना है कि अगले हफ्ते तक दोनों नए चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी हो जाए।
न्यूज18 की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि दो चुनाव आयुक्तों को 15 मार्च तक नियुक्त किया जा सकता है। बता दें कि पिछले महीने चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे रिटायर हो गए थे और फिर अरुण गोयल ने अचानक ही अपना पद छोड़ दिया है।

चुनाव आयोग में अभी सिर्फ सीईसी रह गए हैं
गोयल का इस्तीफा राष्ट्रपति द्रौपदू मुर्मू ने स्वीकार कर लिया है और कानून मंत्रालय ने अधिसूचना जारी करके इसकी घोषणा भी कर दी है। दोनों चुनाव आयुक्तों का पद रिक्त होने से अब चुनाव आयोग में सिर्फ मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) राजीव कुमार ही रह गए हैं।
अनूप चंद्र पांडे 14 फरवरी को 65 साल के होने पर रिटायर हो गए थे। लोकसभा चुनावों की तारीखों के एलान से पहले इस तरह से चुनाव आयुक्तों का पद खाली हो जाने से चुनाव आयोग के सामने कार्यों का एक संकट खड़ा हो गया है।
इस तरह से शुरू होगी चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति की प्रक्रिया!
रिपोर्ट के मुताबिक अब कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की अध्यक्षता वाली सर्च कमेटी पहले 5-5 नामों के दो अलग पैनल तैयार करेगी। इस कमेटी में कानून मंत्री के अलावा केंद्रीय गृह सचिव और कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के सचिव शामिल होंगे।
इस कमेटी की ओर से सुझाए गए नामों को बाद में नियुक्ति समिति के पास भेजा जाएगा। इस समिति की अगुवाई प्रधानमंत्री करते हैं और इसमें उनकी ओर से आमंत्रित एक केंद्रीय मंत्री और लोकसभा में विपक्ष के नेता (या सबसे बड़ी पार्टी के नेता) उसमें शामिल होते हैं। मौजूदा समय में यह जिम्मेदारी कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी निभाएंगे।
सर्च कमेटी के सुझाव पर दो नामों पर मुहर लगाएगी नियुक्ति समिति-रिपोर्ट
प्रधानमंत्री की अगुवाई वाली यही नियुक्ति समिति, सर्च कमेटी की ओर से सुझाए गए नामों में से चुनाव आयुक्त के पद पर नियुक्ति की सिफारिश करेगी।
राष्ट्रपति करते हैं चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति
मौजूदा केस में 5-5 नामों में से दो लोगों की चुनाव आयुक्त के पद पर नियुक्ति होगी। चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति सेलेक्शन कमेटी की सिफारिश पर राष्ट्रपति करते हैं।
15 मार्च तक नियुक्तियों की संभावना- रिपोर्ट
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि नियुक्ति समिति की बैठक 13 या 14 मार्च को सदस्यों की सुविधा और उपलब्धता के आधार पर हो सकती है और उसके बाद 15 मार्च तक यह नियुक्तियां की जा सकती हैं।
पिछले साल दिसंबर में चुनाव आयुक्तों और मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्त पर संसद से नए कानून पास होने से पहले यह नियुक्तियां सरकार की सलाह पर राष्ट्रपति की ओर से की जाती थी। परंपरा के मुताबिक सबसे वरिष्ठ सदस्य की नियुक्ति सीईसी के तौर पर होती है।
चुनाव आयुक्त के इस्तीफे पर मचा है सियासी घमासान
आम चुनावों की तारीखों के एलान से पहले एक चुनाव आयुक्त के इस्तीफे पर बहुत बड़ा राजनीतिक घमासान मचा हुआ है। विपक्ष मोदी सरकार पर चुनाव आयोग पर दबाव बनाने का आरोप लगा रहा है।
गोयल 1985 बैच के रिटायर्ड पंजाब कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। नवंबर 2022 में चुनाव आयुक्त बनने से पहले ही उन्होंने आईएएस की नौकरी से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली थी।
अगले साल फरवरी में सीईसी राजीव कुमार के रिटायर होने के बाद वह मुख्य चुनाव आयुक्त बनने वाले थे और उनका कार्यकाल, 5 दिसंबर, 2027 तक रह सकता था। लेकिन, पहले ही उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।












Click it and Unblock the Notifications