जम्मू-कश्मीर: सेना ने डोडा में फहराया 100 फीट ऊंचा तिरंगा, चिनाब घाटी में दूसरा हाई-मास्ट फ्लैग
सेना ने जम्मू-कश्मीर के डोडा में 100 फीट लंबा राष्ट्रीय ध्वज फहराया है। चिनाब घाटी में यह दूसरा हाई-मास्ट फ्लैग है।

Doda National Flag: जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी जिले डोडा में भारतीय सेना ने गुरुवार को 100 फीट की ऊंचाई पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। सेना के इस प्रयास को एक वरिष्ठ अधिकारी ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अनगिनत सैनिकों को श्रद्धांजलि बताया। चिनाब घाटी क्षेत्र में सेना द्वारा फहराया गया यह दूसरा ऐसा हाई मास्ट ध्वज था, जो एक दशक से पहले तक कभी आतंकवाद का गढ़ हुआ करता था।
डोडा स्पोर्ट्स स्टेडियम में सबसे ऊंचा झंडा
इससे पहले पिछले साल जुलाई में डोडा के पास किश्तवाड़ शहर में 100 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज लगाया गया था। सेना के डेल्टा फोर्स के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल अजय कुमार ने सेक्टर 9, राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडर, ब्रिगेडियर समीर के पलांडे, डोडा के उपायुक्त विशेष पॉल महाजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अब्दुल कयूम के साथ डोडा स्पोर्ट्स स्टेडियम में सबसे ऊंचे झंडे को फहराया।
पहला 100 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज
मेजर जनरल कुमार ने राष्ट्र की सेवा में शहीद हुए सैनिकों के परिवार को सम्मानित किया और नागरिक समाज के उन सदस्यों को भी सम्मानित किया जिन्होंने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस दौरान जीओसी ने कहा, "सबसे ऊंचा झंडा चिनाब घाटी क्षेत्र के अनगिनत सैनिकों को श्रद्धांजलि है, जिन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।" उन्होंने कहा कि डोडा में अपनी तरह का पहला 100 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज न केवल सेना के लिए बल्कि पहाड़ी जिले के सभी निवासियों के लिए गर्व का क्षण है।












Click it and Unblock the Notifications