सेना के डॉग 'जूम' को चाहिए आप सबकी दुआएं, अगले 48 घंटे अहम, हमले में हुआ था घायल
बीते दिनों जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के हमले में भारतीय सेना का एक डॉग जूम गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसे इलाज के लिए श्रीनगर के आर्मी वेटरनरी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब समाचार एजेंसी की तरफ से डॉग के स्वास्थ्य को लेकर जानकारी शेयर की गई है। इसके मुताबिक सर्जरी के बाद से डॉग की हालत स्थिर है। डॉग के टूटे हुए पिछले पैर में प्लास्टर चढ़ाया गया है। वहीं, चेहर पर लगी चोटों का भी इलाज किया जा रहा है। ऐसे में उसे आप सबके दुआओं की जरूरत है।

ये भी पढ़ें- मेडेन फार्मास्युटिकल्स कंपनी को हरियाणा सरकार ने जारी किया नोटिस, कफ सिरप का उत्पादन किया जाए बंद

अगले 24 से 48 घंटे अहम
सेना के अधिकारियों के मुताबिक जूम डॉग की हालत इस वक्त स्थिर है। अगले 24-48 घंटे उसके लिए अहम हैं। डॉग सेना के पशु चिकित्सा अस्पताल में मेडिकल टीम की निगरानी में है। डॉग को लगातार दवाइयां दी जा रही हैं। आपको बता दें कि सेना के इस डॉग को विशेष ट्रेनिंग दी गई थी।

दो गोली लगने के बाद भी आतंकियों से लड़ रहा था जूम
अधिकारियों के मुताबिक डॉग ऑपरेशन तांगपावास लड़ाकू दल का हिस्सा था। घायल होने से पहले उसकी तैनाती कश्मीर के अनंतनाग क्षेत्र में थी, जहां वह जवानों के साथ रहता था। जूम को आतंकियों की धरपकड़ के लिए प्रशिक्षित किया गया है। सेना के मुताबिक 10 अक्टूबर की सुबह कोकेरनाग में कुछ आतंकियों के एक घर में छिपे होने की खबर मिली थी। इसके बाद जूम को तलाशी के लिए भेजा गया था। जैसे ही जूम नजदीक पहुंचा, आतंकियों ने हमला कर दिया। जिससे जूम को दो गोली लग गई।

घायल होने से पहले जूम ने कर दिया था अपना काम
घायल होने से पहले जूम ने अपना काम कर दिया था। जूम की निशानदेही पर ही सेना के जवानों ने दोनों आतंकियों को मार गिराया था। हालांकि, इस गोलीबारी में सेना के दो जवान भी घायल हो गए थे। घायल हुए सेना के दोनों जवानों का भी इलाज चल रहा है।

डॉग के घायल होने पर सेना के जवानों ने शेयर किया था भावुक वीडियो
डॉग के घायल होने पर सेना के जवानों ने भावुक कर देने वाला वीडियो शेयर किया था। डॉग जल्द से जल्द ठीक हो इसको लेकर भारतीय सेना की तरफ से एक ट्वीट भी किया गया था। इस ट्वीट में लिखा गया है कि जूम, ऑपरेशन के वक्त आतंकियों से भिड़ने के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका सेना के पशु चिकित्सक अस्पताल श्रीनगर में इलाज चल रहा है। हम जूम के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications