सीमा पार से घुसपैठ पर बोले सेना प्रमुख, J&K में चुनाव में बाधा पहुंचाने की कोशिश में आतंकी
नई दिल्ली। सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे सीमा पार से हो रहे आतंकवाद पर बयान दिया है। उन्होंने कहा "हमारी पश्चिमी सीमाओं पर वर्तमान में जो स्थिति है उसके साथ आतंकवाद एक गंभीर खतरा बना हुआ है। हमारे सभी प्रयासों के बावजूद ये खत्म नहीं हो रहा है। आतंकी इस समय जम्मू-कश्मीर में हो रही लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित करने के लिए घुसपैठ की कोशिश में लगे हुए हैं।"

सेना प्रमुख ने कहा कि "सर्दियों की शुरुआत के साथ ही बर्फबारी के पहले आतंकी घुसपैठ की कोशिश में तेजी आई है। इस वजह से अब आतंकवादी दक्षिण की ओर जा रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय सीमा के निचले क्षेत्रों में सुरंग बनाकर घुसपैठ की कोशिश कर रहे हैं।"
सर्दियों से पहले घुसपैठ में तेजी
बता दें कि सर्दियों में जम्मू-कश्मीर से लगी नियंत्रण रेखा पर भारी बर्फबारी पड़ती है जिसके चलते भारत में घुसपैठ के अधिकांश रास्तों पर बर्फ जमी होती है। यही वजह है कि सर्दियों की शुरुआत में पाकिस्तान से होने वाली आतंकी घुसपैठ में तेजी आती है। इस बार जम्मू-कश्मीर में जिला विकास परिषद के चुनाव भी हो रहे हैं इसलिए उसमें बाधा पहुंचाने के लिए भी आतंकी घुसपैठ की कोशिश में लगे हुए हैं। आतंकियों द्वारा नियंत्रण रेखा (LOC) को पार करने के लिए सुरंग का भी सहारा लिया जा रहा है। हाल ही में सेना ने एलओसी पर ऐसी कई सुरंगों का पता लगाकर उन्हें नष्ट किया है।












Click it and Unblock the Notifications