Apple ने CM केजरीवाल का आईफोन अनलॉक करने से किया इनकार, इस वजह से नहीं मानी ED की बात
दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल शराब नीति मामले में तिहार जेल में बंद हैं। इस केस की जांच में ईडी को एक समस्या का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल ED अरविंद केजरीवाल का फोन नहीं खोल पा रही हैं।
इससे पहले ईडी ने अदालत में कहा था कि केजरीवाल जांच में सहयोग नहीं कर रहे है। उन्होंने फोन का पासवर्ड नहीं दिए, ऐसे में जांच में परेशानी हो रही है। इसके बाद ED ने फोन में मौजूद डेटा को एक्सेस करने के लिए मोबाइल कंपनी ऐपल से संपर्क किया और उनसे मदद मांगी थी।

अब खबर आ रही है कि ऐपल ने अरविंद केजरीवाल का फोन अनलॉक करने से इनकार कर दिया है। कैलिफोर्निया की टेक कंपनी ने अरविंद केजरीवाल का फोन अनलॉक करने में ईडी की मदद करने से इनकार कर दिया है। कंपनी ने कहा है कि डेटा तक केवल डिवाइस के मालिक द्वारा सेट किए गए पासवर्ड से ही पहुंचा जा सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि ऐपल ने यूजर की प्राइवेसी का हवाला देते हुए केजरीवाल का फोन अनलॉक करने से इनकार कर दिया। ED को केजरीवाल के चार फोन मिले थे, जिन्हें जब्त कर लिया गया था। कथित तौर पर केजरीवाल ने कहा था कि उनके मोबाइल फोन डेटा और चैट तक पहुंच कर ईडी को AAP की "चुनावी रणनीति" और गठबंधन के बारे में जानकारी मिल जाएगी।
द प्रिंट की रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्र ने कहा, "हालांकि, कोई लिखित संदेश नहीं दिया गया, लेकिन ऐपल को केजरीवाल का फोन खोलने में मदद करने के लिए कहा गया था क्योंकि जांच में मदद चाहिए थी, लेकिन अनुरोध को अस्वीकार कर दिया गया।"
आपको बता दें ऐपल फोन अपने हाई सिक्योरिटी की वजह से काफी चर्चा में रहते हैं। एंड्राइड स्मार्टफोन की तुलना में ऐपल के आईफोन ज्यादा सुरक्षित बताए जाते हैं। इसके साथ ही बिना पासवर्ड के आईफोन का डेटा एक्सेस नहीं किया जा सकता है।
ऐसा नहीं है कि भारत का मामला होने की वजह से ऐपल ने फोन अनलॉक करने से इनकार कर दिया। इससे पहले अमेरिका की केंद्रीय जांच एजेंसी FBI ने एक गोलीबारी केस में आईफोन अनलॉक करने के लिए ऐपल से कहा था। लेकिन कंपनी ने यूजर्स की प्राइवेसी की बात कहते हुए जानकारी देने से मना कर दिया था। तब अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एपल पर काफी नाराजगी जताई थी।
ऐपल का फोन ओपन करना मुश्किल
आपको बता दें कि ऐपल के आईफोन में एक फीचर Erase Data होता है। इस फीचर की वजह से यदि किसी ने 10 बार से अधिक बार गलत पासवर्ड डाला तो फोन का सारा डेटा डिलीट हो जाता है।












Click it and Unblock the Notifications