कोरोना वायरस से मुंबई में एक और मौत, महाराष्ट्र में 74 हुई संक्रमित मरीजों की संख्या
मुंबई। कोरोना वायरस से संक्रमित 63 साल के एक मरीज ने बीती रात मुंबई में दम तोड़ दिया। इस मरीज का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव पाया गया था। कोरोना वायरस से संक्रमित यह शख्स मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग पीड़ित था। इस मरीज की मौत के बाद महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 2 हो गई है जबकि देश में इस वायरस के संक्रमण से होने वाली ये 5वीं मौत है।
Recommended Video

इसके पहले भी महाराष्ट्र में एक मरीज की कोरोना वायरस के संक्रमण से मौत हुई थी। महाराष्ट्र में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 74 पहुंच गई है। रविवार को मुंबई में 6 और पुणे में 4 लोगों के कोरोना टेस्ट पॉजिटिव पाए गए हैं। देशभर में कोरोना वायरस के अब तक 324 केस सामने आए हैं, जिनमें 24 लोग ठीक हो चुके हैं। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए पूरे राजस्थान में 22 मार्च से 31 मार्च तक लॉकडाउन घोषित कर दिया गया है। हालांकि जरूरत के सामान जैसे सब्जी, दूध और दवाइयां मिलती रहेंगी।
जबकि, पंजाब में भी सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने लॉकडाउन का ऐलान कर दिया है। पुडुचेरी में 23 मार्च से 31 मार्च तक धारा-144 लागू कर दी गई है। जरूरत के सामान लोग सुबह 7 बजे से 9 बजे के बीच और शाम 6 बजे से रात 9 बजे के बीच खरीद सकते हैं। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए आज सुबह सात बजे से रात के नौ बजे तक पूरे देश में 'जनता कर्फ्यू' का ऐलान किया गया है।
शनिवार को पीएम मोदी ने लोगों से अपील की थी कि जो लोग जहां पर हैं वहींं रहें। उन्होंने कहा था, 'कोरोना के भय से मेरे बहुत से भाई-बहन जहां रोजी-रोटी कमाते हैं, उन शहरों को छोड़कर अपने गांवों की ओर लौट रहे हैं। भीड़भाड़ में यात्रा करने से इसके फैलने का खतरा बढ़ता है। आप जहां जा रहे हैं, वहां भी यह लोगों के लिए खतरा बनेगा। आपके गांव और परिवार की मुश्किलें भी बढ़ाएगा।'












Click it and Unblock the Notifications