एक विधायक जो साइकिल से ले रहे हैं अपने क्षेत्र में कोरोना का जायजा
एक विधायक जो साइकिल से ले रहे हैं कोरोना का जायजा
तिरुपति, 3 जून: देश में कोरोना का कहर लगातार जारी है। एक ओर बीमारी के चलते लोगों की जान जा रही है तो वहीं लॉकडाउन के चलते गरीब के सामने पेट भरने का संकट है। इस दौर में कई लोग मदद के लिए आगे आ रहे हैं तो कई नेताओं पर संकट की इस घड़ी में गायब हो जाने के आरोप भी लग रहे हैं। इस सबके बीच एक विधायक ऐसे भी हैं जो साइकिल से निकलकर अपने क्षेत्र में कोरोना का जायजा ले रहे हैं। ये हैं आंध्र प्रदेश के तिरुपति से विधायक भुमाना करुणाकर रेड्डी।

साइकिल से निकलते हैं रेड्डी
कोरोना का कहर आंध्र प्रदेश में भी काफी है। राज्य में 17 लाख से ज्यादा केस मिले हैं। कई शहरों में तो स्थिति काफी खराब है। ऐसे में तिरुपति से विधायक भुमाना करुणाकर रेड्डी साइकिल पर निकलते हैं और शहरभर में घूमकर हालात का जायजा लेते हैं। इस दौरान रेड्डी के साथ कोई भीड़भाड़ या सुरक्षाकर्मी नहीं होते। वो अकेले ही मास्क लगाकर साइकिल पर घूमते हैं और कोई परेशान दिखता है तो उसके पास रुककर समस्या भी जानते हैं। वो अगर मास्क हटाकर अपना परिचय देते हैं तो ही लोगों को पता चलता है कि ये क्षेत्र के विधायक हैं, ऐसा ना होने पर कोई उनको नहीं पहचान पाता है।
Recommended Video

लोग कर रहे विधायक की तारीफ
भुमाना करुणाकर रेड्डी की साइकल पर शहर में घूमते हुए तस्वीरें सामने आने के बाद उनकी सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। सोशल मीडिया यूजर्स लिख रहे हैं कि सभी जनप्रतिनिधियों को इनसे सीखने की जरूरत है कि कैसे बिना भीड़ जुटाए आप लोगों की समस्याओं को जान सकते हैं।

कोरोना से मरने वालों लोगों का अंतिम संस्कार भी किया
तिरुपति एमएलए करुणाकर रेड्डी कोरोना संकट के दौरान पहली बार चर्चा में नहीं आए हैं। बीते महीने उन्होंने करीब 24 ऐसे लोगों का अंतिम संस्कार किया था, जिनकी मौत कोरोना से हो गई थी। एसवीआरएस गवर्मेंट जनरल हॉसपिटल में बीते महीने कोरोना से काफी मौतें हुई थीं। इसमें करीब 24 लोगों के शव परिजनों ने लेने से इनकार कर दिया। ऐसे में रेड्डी सामने आए और इनका अंतिम संस्कार किया।

देश में तीन लाख से ज्यादा जान ले चुका है कोरोना
देश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर का प्रकोप जारी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में भी देश में 1 लाख 34 हजार नए कोरोना केस आए और 2887 संक्रमितों की जान गई है। देश में कुल दो करोड़ 84 लाख कोरोनाके मामले आए हैं, जो अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा हैं। देश में एक्टिव केस हाल के दिनों में घटे हैं। इसके बावजूद 17 लाख से ज्यादा सक्रिय मामले फिलहाल हैं। वहीं अब तक 3 लाख 37 हजार लोगों की जान कोरोना संक्रमण से गई है।












Click it and Unblock the Notifications