आंध्र प्रदेश: एलुरु में रहस्यमयी बीमारी से 140 से ज्यादा लोग पीड़ित, अचानक हो जा रहे बेहोश
नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश के एलुरु में शनिवार को अचानक कई लोग बीमार पड़ गए। इसमें से कुछ लोग ऐसे थे जो अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। इसके बाद स्थानीय प्रशासन भी सक्रिय हुआ और पडमरा मार्ग इलाके में पहुंचकर लोगों को अस्पताल पहुंचाया। रविवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने स्वास्थ्य मंत्री आल्ला नानी से एलुरु घटना को लेकर जानकारी ली। साथ ही उन्हें सभी को इलाज मुहैया करवाने के निर्देश दिए।

एलुरु सरकार अस्पताल के अधीक्षक डॉ. मोहन के मुताबिक बीते रात से उनके अस्पताल में मरीजों के आने का सिलसिला जारी है। रविवार सुबह तक 140 लोगों को एडमिट कर उनका इलाज किया गया। हालांकि बाद में स्वस्थ होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया । जितने मरीज भर्ती हुए थे उनको मचली (पल्टी) और बेहोशी की समस्या थी। डॉक्टरों की एक टीम जांच में जुटी है, लेकिन अभी तक इसकी वजह पता नहीं चल पाई है। उन्होंने कहा कि उनके अस्पताल में इलाज की पर्याप्त व्यवस्था मौजूद है।
वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री आल्ला नानी भी एलुरु पहुंचे। साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। आल्ला नानी के मुताबिक पडमरा मार्ग इलाके में लोग अचानक बेहोश होकर गिरना शुरू हो गए। उन्हें तुरंत इलाज उपलब्ध करवा दिया गया था। उनके मुताबिक एक बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं सीएम जनमोहन भी इस मामले को लेकर गंभीर है। समय-समय पर वो अधिकारियों से हालात की जानकारी ले रहे हैं। साथ ही उन्होंने जांच के आदेश भी दे दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications