VIDEO: जन सेना कैंडिडेट ने गुस्से में उठाकर पटकी EVM, गिरफ्तार
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश में लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा चुनाव के लिए भी गुरुवार को मतदान हो रहा है। अनंतपुर जिले के गुंताकल विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथ पर उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब जन सेना के उम्मीदवार मधुसूदन गुप्ता ने ईवीएम उठाकर फर्श पर पटक दी। मधुसूदन गुप्ता की इस हरकत के बाद पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया है। जन सेना फिल्म अभिनेता पवन कल्याण की पार्टी है।

खबर के मुताबिक, जन सेना के उम्मीदवार मधूसूदन गुप्ता गुत्ती के मतदान केंद्र पर अपना वोट डाटने के लिए पहुंचे थे। लेकिन वे इस बात से काफी नाराज थे कि विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों के नाम ठीक से नहीं प्रदर्शित किए जा रहे हैं। इसको लेकर वह मतदानकर्मियों पर बरस पड़े। उन्होंने काफी देर तक मतदानकर्मियों पर अपना गुस्सा निकालने के बाद ईवीएम को उठाकर फर्श पर पटक दिया।
दरअसल, ईवीएम के खराब होने से मतदान बाधित होने के तो कई मामले सामने आते हैं, जन सेना के उम्मीदवार की नाराजगी की वजह कुछ और ही थी। वही, ईवीएम फर्श पर पटकने के बाद आरोपी उम्मीदवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान बूथ पर मतदान प्रभावित हुआ, पोलिंग बूथ के बाहर मतदाता लाइन में खड़े नजर आए।
स्थानीय खबरों के मुताबिक, जन सेना उम्मीदवार ने पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी भी की और वे बूथ पर हंगामा करते रहे। लोकसभा चुनाव के तहत 20 राज्यों की 91 सीटों पर आज मतदान जारी है। इसके साथ ही आंध्र प्रदेश, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और ओडिशा में विधानसभा चुनाव के लिए भी वोटिंग हो रही है। गुरुवार सुबह 7 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच राज्य की 25 लोकसभा सीटों और सभी 175 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है।












Click it and Unblock the Notifications