Explainer: किस पार्टी ने गृहिणियों, किसानों, ऑटो ड्राइवर को बनाया स्टार प्रचारक, EC तक पहली बार पहुंची ये List
Andhra Pradesh Election YSRCP Star Campaigners List 2024: आम तौर पर राजनीतिक दलों से बड़े नेता, फिल्म स्टार और बड़ी सेलिब्रिटीज ही स्टार प्रचार होते हैं। लेकिन, आंध्र प्रदेश में सत्ताधारी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) ने बहुत ही सामान्य लोगों को स्टार प्रचारक बनाकर एक नई परंपरा की नींव रखने की कोशिश की है।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी की पार्टी वाईएसआरसीपी ने चुनाव आयोग को 12 बहुत ही सामान्य लोगों की लिस्ट पार्टी के स्टार प्रचारक के रूप में भेजी है। पार्टी इन स्टार प्रचारकों का इस्तेमाल राज्य में होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में करेगी।

जगन की पार्टी के 12 अनोखे स्टार प्रचारक
वाईएसआरसीपी का कहना है कि पार्टी के ये 12 स्टार प्रचारक आंध्र प्रदेश के करीब 5 करोड़ लोगों में प्रत्येक का प्रतिनिधित्व करेंगे। माना जा रहा है कि जगन मोहन रेड्डी ने अपने इन सामान्य स्टार प्रचारकों के दम पर अंतिम आदमी तक पार्टी का संदेश पहुंचाने की रणनीति तैयार की है।
मेरे सच्चे स्टार प्रचारक आंध्र प्रदेश की जनता है- जगन रेड्डी
वाईएसआरसीपी के 12 स्टार प्रचारकों की लिस्ट में 4 गृहिणियां, 2 किसान,1 ऑटो ड्राइवर,1 दर्जी और 4 पूर्व सरकारी स्वयंसेवक हैं। आंध्र प्रदेश के सीएम ने 'सिद्धम' अभियान लॉन्च करने से पहले ही कहा था कि 'मेरे सच्चे स्टार प्रचारक आंध्र प्रदेश की जनता है और मुझे और किसी की जरूरत नहीं है।'
जगन रेड्डी अपनी सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को भी अपना स्टार प्रचारक बताते रहे हैं और उनकी उम्मीद है कि आने वाले दिनों में वही घर-घर जाकर उनके लिए प्रचार करेंगे और फिर से उनकी शानदार जीत सुनिश्चित करेंगे। यहां वाईएसआरसीपी के कुछ स्टार प्रचारकों की चर्चा करते हैं-
पंडालानेनी शिवप्रसाद (कृष्णा जिला): ये सामान्य किसान परिवार से आते हैं। इनके दो बेटे हैं। इनके एक बेटे को वाईएसआरसीपी सरकार की विदेश शिक्षा कल्याण योजना का लाभ मिला है, जिसकी सहायता से ये अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के लिए 1,36,00,000 रुपए की मोटी फीस का इंतजाम कर पा रहे हैं।
कटारी जगदीश (अनाकापल्ली जिला): सड़क किनारे बाइक-स्कूटी के सीट कवर की दुकान चलाने वाले कटारी के लिए भी अपने तीन बच्चों के लिए उच्च शिक्षा एक सपना जैसा ही था। लेकिन, राज्य सरकार की योजनाओं का इन्हें भी लाभ मिला है और इनके बच्चे हाइयर एजुकेशन ले रहे हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने से इनके घर का रहन-सहन भी बदल गया है।
अनंत लक्ष्मी (ईस्ट गोदावरी जिला): इन्हें भी सरकारी सहायता मिली है, जिससे इन्होंने अपने घर के पास ही कपड़े की एक दुकान खोल ली है। आज यह उससे अपने परिवार की मदद कर पा रही हैं।
सैयद अनवर (नेल्लोर जिला): इन्हें लगता है कि सीएम जगन मोहन रेड्डी की वजह से राज्य के सरकारी स्कूलों में बड़ा बदलाव आया है और हजारों छात्रों ने अंग्रेजी मीडियम में पढ़ना शुरू किया है और डिजिटल क्लासरूम में शामिल हो रहे हैं। यह वाईएसआरसीपी की योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी देना चाहते हैं।
चल्ला ईश्वरी (एनटीआर जिला): ये वाईएसआरसीपी सरकार की स्वयंसेवक के तौर पर 50 घरों की देखरेख कर चुकी हैं। यह शुरू के दिनों से जगन सरकार की वजह से आंध्र प्रदेश में आए बदलाव की गवाह रही हैं। उन्हें लगता है कि मुख्यमंत्री जनता की सरकार चला रहे हैं, इसलिए वह स्टार प्रचारक बनकर पार्टी का चुनाव प्रचार करने जा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications