Earthquake: भूकंप के तेज झटकों से कांपा अंडमान सागर, फिलहाल जान माल का नुकसान नहीं
अंडमान सागर में एक बार फिर से भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.3 मापी गई है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक शाम 3 बजकर 29 मिनट पर अंडमान सागर में भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि, अभी किसी तरह के जान माल के नुकसान की खबर नहीं है।
इससे पहले 18 अगस्त और तीन अगस्त को आया था भूकंप
बता दें कि अंडमान सागर में इससे पहले 18 अगस्त को भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.3 मापी गई थी। वहीं इससे पहले तीन अगस्त को भी अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में तड़के 4.3 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया था। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक भूकंप का केंद्र दक्षिण अंडमान जिले में समुद्र में 61 किलोमीटर की गहराई पर था। यह कम तीव्रता वाला झटका था जो पोर्ट ब्लेयर से 127 किमी दक्षिण पश्चिम में स्थित समुद्र में महसूस किया गया।

क्यों आता है भूकंप
दरअसल, धरती के भीतर कई प्लेटें होती हैं जो समय-समय पर विस्थापित होती हैं। इस सिद्धांत को अंग्रेजी में प्लेट टैक्टॉनिकक और हिंदी में प्लेट विवर्तनिकी कहते हैं। इस सिद्धांत के अनुसार पृथ्वी की ऊपरी परत लगभग 80 से 100 किलोमीटर मोटी होती है जिसे स्थल मंडल कहते हैं। पृथ्वी के इस भाग में कई टुकड़ों में टूटी हुई प्लेटें होती हैं जो तैरती रहती हैं। सामान्य रूप से यह प्लेटें 10-40 मिलिमीटर प्रति वर्ष की गति से गतिशील रहती हैं। हालांकि, इनमें कुछ की गति 160 मिलिमीटर प्रति वर्ष भी होती है।
वहीं जब भी यह प्लेटें गतिशील होती हैं तो यह आपस में टकराने लगती हैं। इन प्लेटों के टकराने से ही लगातार तरंगे पैदा होती हैं। यही नहीं इन्हीं प्लेटों के एक-दूसरे से टकराने के बाद यह एक दूसरे के उपर चढ़ने लगती हैं जिसके परिणामस्वरूप भूकंप आता है।












Click it and Unblock the Notifications