अमृतसर: हादसे के बाद खिसक जाने के आरोपों पर क्या बोलीं नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी
पंजाब: हादसे के बाद खिसक जाने के आरोपों पर क्या बोलीं नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी
अमृतसर। शुक्रवार शाम को पंजाब के अमृतसर में दशहरा का मेला देख रहे लोग ट्रेन की चपेट में आ गए। इस हादसे में 61 लोगों की जान गई है। इस दशहरा मेले में पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर मुख्य अतिथि थीं। कहा जा रहा है कि हादसा होने पर घायलों को कोई मदद पहुंचाने की जगह वो चुपचाप वहां से निकल गईं। कुछ स्थानीय लोगों ने इसको लेकर गुस्सा भी जाहिर किया है। वहीं कौर ने हादसे से पहले ही मेले से आ जाने की बात कही है।

नवजौत कौर की सफाई
नवजोत कौर ने हादसा होने पर अपने चुपके से निकलने की बात को गलत कहा है। उन्होंने कहा है कि वह हादसे से पहले वहां से जा चुकी थीं। उन्हें बाद में पता चला कि उनके आने के बाद इतनी बड़ी घटना हो गई है। कौर ने कहा कि इसके बाद वो घायल लोगों को देखने अस्पताल पहुंची। कौर का कहना है कि हादसा होने पर उनके खिसक जाने की बात कहना गलत है। हादसे की सूचना मिलते ही वह अस्पताल में पहुंचीं और घायलों के लिए दवाओं का प्रबंध देखा।

सिद्धू की विधानसभा में हादसा
जिस जोड़ा रेलवे फाटक के पास हादसा हुआ है, वो अमृतसर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में आता है। यहां नवजोत कौर के पति से नवजोत सिंह सिद्धू विधायक हैं और पंजाब सरकार में मंत्री हैं। इससे पहले नवजोत कौर भी यहां से विधायक रही हैं। नवजोत कौर ने कहा है कि इस दुखद घटना पर राजनीति न करें।

मुख्यमंत्री अस्पताल पहुंचे
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू घायलों का हाल जानने के लिए अमृतसर पहुंचे हैं। घायलों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं, चार हफ्ते में रिपोर्ट देने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि ये बहुत बड़ा हादसा है, मैं इससे बेहद आहत हूं। हालांकि ये आरोप-प्रत्यारोप का समय नहीं है। सभी को मिलकर पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications