मुहूर्त को लेकर अमिताभ बच्चन ने पूछा ऐसा सवाल, लोगों ने कहा- फिर ऐश्वर्या की शादी में क्या हुआ था?
अमिताभ बच्चन ने मुहूर्त को लेकर एक ऐसा सवाल पूछ लिया, जिसके जवाब में लोग उन्हें ऐश्वर्या की शादी याद दिलाने लगे...
नई दिल्ली। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन उम्र के इस दौर में भी पूरी तरह एक्टिव नजर आते हैं। बात चाहे फिल्मों की हो...विज्ञापनों की हो, या फिर सोशल मीडिया की... अमिताभ बच्चन का अंदाज और काम करने का तरीका सबसे अलग है। अमिताभ अक्सर अपनी जिंदगी से जुड़ी बातें सोशल मीडिया पर भी शेयर करते रहते हैं। पिछले दिनों अमिताभ बच्चन ने एक पोस्ट लिखकर बताया था कि उनकी आंख में कुछ परेशानी हो गई है, जिसके बाद उनके फैंस उनकी फिक्र करने लगे। लेकिन, इस बार अमिताभ बच्चन ने एक ऐसी पोस्ट लिखी है, जिसके जवाब में यूजर्स तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

'सारी उम्र शुभ मुहूर्त के पीछे क्यूं भागते हैं'
दरअसल अमिताभ बच्चन ने अपने ट्विटर और फेसबुक पेज पर एक पोस्ट करते हुए पूछा, 'हम बगैर मुहूर्त के जन्म लेते हैं और बगैर मुहूर्त के हमारी मृत्यु भी हो जायेगी, भली भांति जानते हैं... फिर सारी उम्र शुभ मुहूर्त के पीछे क्यूं भागते हैं...? कोई दे सकता है जवाब????'। अमिताभ बच्चन की इस पोस्ट को लेकर जहां कुछ लोगों ने उनकी बात का समर्थन किया, तो वहीं कुछ यूजर्स को उनकी ये बात पसंद नहीं आई और उन्होंने उनके सवाल पर तीखी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी।
यूजर्स ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
एक यूजर ने अमिताभ बच्चन की पोस्ट पर उनकी फिल्म दीवार का एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, 'विजय नास्तिक है और भगवान का प्रसाद भी नहीं लेता है...लेकिन 786 नंबर के बिल्ले पर पूरा विश्वास है... और वही बिल्ला दुश्मन की गोली से उसकी जान भी बचाता है.... वामपंथी की किताब में इसे ही सेकुलरिज्म का सुलेमानी कीड़ा कहते हैं।'
'सर ये किस मुहूर्त में हैं आप लोग'
वहीं एक यूजर ने एक मंदिर में पूजा के दौरान उनकी, अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय की तस्वीर शेयर कर पूछा- 'सर ये किस मुहूर्त में हैं आप लोग'। एक और यूजर ने अमिताभ बच्चन को जवाब देते हुए लिखा, 'क्योंकि जन्म और मृत्यु के मुहूर्त ईश्वर देखते हैं, मगर हम, मनुष्य मात्र हैं हमसे त्रुटियां हो सकती हैं...इसलिए पृथ्वी पर अपने कार्यों की उत्तम सिद्धि के लिए हमें सही समय चुनने की अवश्यता पड़ती है...!'
'तब समझ कहां गई थी Sir आपकी'
एक यूजर ने लिखा, 'मुहूर्त की बात तो छोड़िए, आप तो मांगलिक योग के चलते ऐश्वर्या जी से निवारण के लिए अलग से पूजा पाठ करवाए थे। 2008 में हुई एक सड़क दुर्घटना से आप इतने भयभीत हो गए, कि पुत्र को लेकर आपने एक पीपल का पेड़ तक काट डाला। तब समझ कहां गई थी Sir आपकी??' हालांकि कुछ लोगों ने अमिताभ बच्चन की बात का समर्थन भी किया।

कुछ दिन पहले ही लिखी थी इमोशनल पोस्ट
आपको बता दें कि इससे पहले हाल ही में अमिताभ बच्चन ने एक इमोशनल पोस्ट लिखते हुए कहा था, ''बायीं आंख फड़कने लगी; सुना था बचपन में अशुभ होता है; गए दिखाने डॉक्टर को, तो निकला ये एक काला धब्बा आंख के अंदर, डॉक्टर बोला-कुछ नहीं है, उम्र की वजह से, जो सफेद हिस्सा आंख का होता है, वो घिस गया है। जैसे बचपन में मां अपने पल्लू को गोल बनाकर, फूंक मारकर, गरम करके आंख में लगा देतीं थी, वैसा करो, सब ठीक हो जाएगा। मां तो हैं नहीं अब, बिजली से रुमाल को गरम करके लगा लिया है। पर बात कुछ बनी नहीं!! मां का पल्लू , मां का पल्लू होता है!!'

डॉक्टर ने दी काम ना करने की सलाह
पिछले दिनों जब डॉक्टर ने उन्हें काम ना करने की सलाह दी, तो अमिताभ बच्चन ने एक ब्लॉग में लिखा था, 'जिंदगी कभी हार नहीं मानती है और ये आसानी से हार ना मानने की अपील भी करती है, यही जिंदगी की खूबसूरती है। एक इंसान को हर रोज संघर्ष का सामना करना पड़ता है। धूल, गंदगी, बारिश, मिट्टी और गर्मी... इन मुश्किलों के बावजूद वह जीवित रहने के लिए अपने संघर्ष को जारी रखती है क्योंकि जिंदगी एक अनवरत मरम्मत का काम है। हर रोज के शुरू होते ही इस बात की उम्मीद रहती है कि आगे क्या होगा और किन हालात का सामना करना पड़ेगा, जो भी है उसके बारे में मालूम नहीं है। इससे उबरने या इसे स्वीकार करने को लेकर क्या स्थिति है, अंतत: नतीजा निकलता है कि ये निरंतर एक जारी रहने वाला काम था और किसी को ये करना ही था, क्योंकि इसे मरम्मत की जरूरत है।'












Click it and Unblock the Notifications