Mann Ki Baat@100: अमित शाह ने शेयर किया बचपन का किस्सा, बोले- PM मोदी ने 'विकलांग' को 'दिव्यांग' बनाया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 100 एपिसोड पूरे होने के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि लोकतंत्र के अंदर जनसंवाद के अनेक माध्यम होते हैं और पीएम मोदी ने आकाशवाणी को जनसंवाद को चुना।

Mann Ki Baat@100: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 100 एपिसोड पूरे होने के अवसर पर नेशनल कॉन्क्लेव का आयोजन दिल्ली में किया गया। कॉन्क्लेव के समापन सत्र पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को एक स्मारक सिक्का जारी किया। इस दौरान अमित शाह ने आकाशवाणी से जुड़ा अपना एक किस्सा शेयर किया।
उन्होंने बताया कि लोकतंत्र के अंदर जनसंवाद के अनेक माध्यम होते हैं और पीएम मोदी ने आकाशवाणी को जनसंवाद को चुना। मैं बचपन से आकाशवाणी का बड़ा प्रशंसक रहा हूं। मैंने कई महत्वपूर्ण बातें आकाशवाणी पर सुनी हैं। बांग्लादेश पर भारत की विजय को मैंने आकाशवाणी पर ही सुनी थी। आपातकाल के बाद, एक तानाशाह के पराजय को सुबह 5 बजे आकाशवाणी के बुलेटिन पर सुना कि इंदिरा गांधी पराजित हो गई हैं।
वहीं, अमित शाह ने आगे कहा कि पीएम मोदी ने हमारे लोकतंत्र में 2 बड़े योगदान किए हैं। पहला है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण से मुक्त कर दिया है। वहीं, दूसरा यह है कि पीएम ने पद्म पुरस्कारों का लोकतंत्रीकरण किया। अगर पहले की बात करें तो पद्म पुरस्कार सिफारिश से ही मिलते थे। आज पद्म पुरस्कार छोटे से छोटे व्यक्ति को उनके बड़े योगदान के लिए दिया जाता है।
पीएम मोदी ने 'विकलांग' को 'दिव्यांग' बना दिया
वहीं, अमित शाह ने आगे यह भी कहा कि पहले विकलांग शब्द कितना अपमानजनक था, यह हमें मालूम नहीं था कि हम सालों से इसका इस्तेमाल कर रहे थे। मोदी जी ने आने के बाद अपने रेडियो प्रसारण के दौरान मन की बात के एक एपिसोड से 'विकलांग' को 'दिव्यांग' बना दिया। जिसके बाद करोड़ों लोगों को सम्मान मिला।












Click it and Unblock the Notifications